HDB फाइनेंशियल का आईपीओ बुधवार, 25 जून को निवेशकों के लिए खुला और यह शुक्रवार, 27 जून को बंद होगा। एचडीएफसी बैंक की सहायक कंपनी एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज के इस आईपीओ को पहले दिन कुल 0.37 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। निवेश श्रेणियों की बात करें तो क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी से इसे सबसे कम 0.01 गुना सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ। इसके विपरीत, कंपनी के कर्मचारियों ने इसे सबसे ज्यादा 1.76 गुना तक सब्सक्राइब किया। वहीं, रिटेल निवेशकों ने पहले दिन इस आईपीओ में सिर्फ 0.30 गुना हिस्सेदारी ली।
HDB फाइनेंशियल का IPO: दूसरे दिन 0.41 गुना सब्सक्राइब, GMP में लगातार गिरावट
एनएसई के डेटा के मुताबिक, गुरुवार को आईपीओ के दूसरे दिन सुबह 10.06 बजे तक इसे 0.41 गुना सब्सक्राइब किया जा चुका है। बताते चलें कि एचडीबी फाइनेंशियल अपने इस आईपीओ से 16,89,18,918 शेयरों के जरिए कुल 12,500 करोड़ रुपये जुटाना चाहता है। इस आईपीओ में 2500 करोड़ रुपये के 3,37,83,783 फ्रेश शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 10,000 करोड़ रुपये के 13,51,35,135 शेयर ओएफएस के जरिए जारी किए जाएंगे। कंपनी ने अपने इस आईपीओ के लिए 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 700 रुपये से 740 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है।
ग्रे मार्केट में भी एचडीबी फाइनेंशियल के शेयरों के प्रीमियम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार, 26 जून को एचडीबी फाइनेंशियल के शेयर ग्रे मार्केट में 50.50 रुपये (6.82 प्रतिशत) के जीएमपी के साथ 790.5 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे हैं। बताते चलें कि बुधवार को सुबह 6 बजे के आसपास इसके शेयर 74 रुपये (10 प्रतिशत) के प्रीमियम के साथ 814 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे थे। बीते कुछ दिनों से एचडीबी फाइनेंशियल के जीएमपी में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। 20 जून को इसका जीएमपी सबसे ज्यादा 104.5 रुपये के आसपास दर्ज किया गया था।


[…] […]