अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई हमले की चेतावनी का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। आज बाजार खुलते ही निवेशकों में घबराहट फैल गई और शेयर मार्केट में तेज गिरावट दर्ज की गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स ओपनिंग के साथ ही 800 अंकों से ज्यादा लुढ़क गया। सेंसेक्स अपने पिछले बंद 74,106.85 के मुकाबले गिरकर कुछ ही मिनटों में 73,282 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी इंडेक्स भी दबाव में नजर आया। निफ्टी अपने पिछले बंद 22,968 से गिरकर शुरुआती कारोबार में 200 अंकों से ज्यादा फिसलते हुए 22,919 तक आ गया।
शुरुआती कारोबार में बिकवाली हावी
आज बाजार खुलते ही अधिकांश शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। करीब 941 कंपनियों के शेयरों में मामूली बढ़त रही, जबकि 1354 कंपनियों के स्टॉक्स गिरावट के साथ खुले। वहीं 161 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
बीएसई के लार्जकैप कैटेगरी के सभी 30 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखे। टाटा कंज्यूमर, इंटरग्लोब एविएशन, इटरनल, आयशर मोटर्स और मैक्स हेल्थकेयर जैसे दिग्गज शेयरों में शुरुआती कारोबार में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
Also Read: सिर्फ 7 दिन में 100% चढ़ा शेयर, IPL टीम की मालिक कंपनी चर्चा में
बड़े शेयरों में दबाव जारी
हालांकि, कारोबार आगे बढ़ने के साथ बाजार में कुछ रिकवरी दिखाई दी और सेंसेक्स की गिरावट घटकर करीब 350 अंकों तक सिमट गई। इसके बावजूद कई बड़ी कंपनियों के शेयर दबाव में रहे।
लार्जकैप में इंडिगो का शेयर करीब 2.20%, इटरनल 2%, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.80% की गिरावट में कारोबार करता दिखा। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भी लगभग 1 फीसदी टूट गया।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी टूटे
बीएसई मिडकैप कैटेगरी में भारत फोर्ज 3.20%, नायका 3%, एमएफएसएल 2.50% और हिंदुस्तान पेट्रोलियम 2.40% तक गिर गए। स्मॉलकैप शेयरों में केफिनटेक 3.50% और आईआईएफएल 2.50% की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए।
विदेशी बाजारों से पहले ही कमजोर संकेत मिल रहे थे। एशियाई बाजारों में भी ईरान को लेकर बढ़ते तनाव का असर साफ दिखाई दिया। जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी समेत ज्यादातर एशियाई बाजार लाल निशान में कारोबार करते दिखे।
Also Read: Trump Warns Iran of One-Night Strike

