भारत अगले साल अपनी पहली बुलेट ट्रेन सेवा की शुरुआत की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। रेल मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का पहला चरण वर्ष 2027 में व्यावसायिक संचालन के लिए तैयार हो जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। इसमें 348 किलोमीटर ट्रैक गुजरात, 156 किलोमीटर महाराष्ट्र और 4 किलोमीटर दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगा। परियोजना को देश के सबसे बड़े हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के रूप में विकसित किया जा रहा है।
Also Read : ACB की छापेमारी में तहसीलदार की संपत्ति का खुलासा, करोड़ों के गहने और नकदी जब्त
पहले चरण की शुरुआत
भारतीय रेल के अतिरिक्त महानिदेशक धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि परियोजना का अधिकांश निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में सूरत और वापी के बीच लगभग 100 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा। यह हिस्सा परियोजना का पहला व्यावसायिक कॉरिडोर होगा। अधिकारियों का मानना है कि इस सेक्शन के शुरू होने से हाई-स्पीड रेल सेवा का लाभ यात्रियों को मिलना शुरू हो जाएगा। इससे परियोजना के अगले चरणों को भी गति मिलेगी।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इस रूट की शुरुआत गुजरात के साबरमती स्टेशन से होगी, जबकि अंतिम स्टेशन महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई होगा। ट्रेन अहमदाबाद, आनंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोइसर, विरार और ठाणे जैसे प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। यह हाई-स्पीड ट्रेन अधिकतम 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इसके जरिए 508 किलोमीटर की दूरी केवल 2 घंटे 7 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
Also Read : सप्ताह की शुरुआत गिरावट के साथ, सेंसेक्स 370 अंक लुढ़का, निफ्टी 24,000 से नीचे बंद
रूट और विशेषताएं
भारत इस परियोजना में जापान की अत्याधुनिक शिंकानसेन तकनीक का उपयोग कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने वर्ष 2017 में इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। सरकार ने शुरुआत में इसे वर्ष 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया था। हालांकि, भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्य और अन्य तकनीकी कारणों से परियोजना तय समय पर पूरी नहीं हो सकी। इसके चलते इसके संचालन में भी देरी हुई।
फिलहाल परियोजना के विभिन्न हिस्सों पर निर्माण कार्य लगातार जारी है और रेलवे अधिकारी इसे जल्द पूरा करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। वर्ष 2027 में सूरत-वापी सेक्शन के शुरू होने के बाद यात्रियों को पहली बार भारत में बुलेट ट्रेन का अनुभव मिलेगा। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पूरे मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर संचालन शुरू किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य देश में आधुनिक और तेज़ रेल परिवहन को बढ़ावा देना है। इस परियोजना के पूरा होने से यात्रा का समय घटेगा और पश्चिम भारत में कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।
Also Read : ACB की छापेमारी में तहसीलदार की संपत्ति का खुलासा, करोड़ों के गहने और नकदी जब्त

