बनासकांठा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे। बनासकांठा में उनके स्वागत के दौरान समर्थकों ने ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ के नारे लगाए। रोड शो से लेकर जनसभा तक यही नारा गूंजता रहा। लोगों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। कुछ पोस्टरों पर विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का संदेश भी लिखा था। बीजेपी समर्थकों ने यह नारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हालिया टिप्पणी के जवाब में दिया। खरगे ने पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को लेकर विवादित बयान दिया था।
रोड शो में उमड़ी भीड़, पीएम मोदी ने दोहराया देशसेवा का संकल्प
प्रधानमंत्री मोदी हेलीपैड से बनास डेयरी संयंत्र तक रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ मौजूद रहे। खुली जीप में सवार प्रधानमंत्री ने सड़क किनारे खड़े लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद वह भीलड़ी स्थित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर पहुंचे। यहां आयोजित जनसभा में किसानों और महिलाओं ने उनका स्वागत किया। कई महिलाओं ने भी ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ लिखे पोस्टर दिखाए। प्रधानमंत्री ने लोगों के नारों का जवाब देते हुए कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक देश की सेवा करते रहेंगे। हर्ष संघवी ने भी इस नारे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह संदेश बनासकांठा से लेकर कश्मीर और कन्याकुमारी तक पहुंच रहा है।
प्रधानमंत्री ने गुजरात के विकास और डेयरी उद्योग की उपलब्धियों पर भी चर्चा की। उन्होंने बनासकांठा के आलू का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि अब यहां के लोगों को आलू से सोना बनाने की बात कहकर कोई गुमराह नहीं कर सकता। उन्होंने विपक्ष पर देश की प्रगति को लेकर अफवाहें फैलाने का आरोप भी लगाया। प्रधानमंत्री ने लोगों से ऐसे तत्वों से सतर्क रहने की अपील की।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने 325 करोड़ रुपये की लागत से बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किया। बनास डेयरी ने 127 एकड़ में इस केंद्र का निर्माण किया है। इसका लक्ष्य हर साल 25 हजार उच्च गुणवत्ता वाले भ्रूण तैयार करना है। इससे देशी गायों और भैंसों की नस्ल सुधारने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री गुजरात दौरे पर करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे हैं। उन्होंने पीएम-किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की।
Also Read : SBI के बाद AU बैंक में डेटा लीक की आशंका, ग्राहकों की जानकारी खतरे में

