• Tue. Nov 3rd, 2026

ईरानी कप में एक से पांच अक्टूबर तक शेष एकादश की मेजबानी करेगा 2020 रणजी चैम्पियन सौराष्ट्र

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) पूर्व रणजी ट्राफी चैम्पियन सौराष्ट्र ईरानी कप में एक से पांच अक्टूबर तक शेष एकादश की मेजबानी करेगा। ईरानी कप 2019 के बाद घरेलू कैलेंडर में वापसी करेगा।

सौराष्ट्र ने मार्च 2020 में बंगाल को हराकर अपना पहला रणजी ट्राफी खिताब जीता था लेकिन इसके बाद कोविड-19 महामारी के कारण पूरे देश में लॉकडाउन लगा दिया गया था। मध्य प्रदेश ने इस सत्र में अपना पहला खिताब हासिल किया है लेकिन उनके अगले साल ईरानी कप में खेलने की उम्मीद है।

सौराष्ट्र क्रिकेट संघ (एससीए) ने एक बयान में कहा, ‘‘टीम सौराष्ट्र 2019-20 सत्र में 13 मार्च 2020 को रणजी ट्राफी चैम्पियन बनी। टीम सौराष्ट्र को तब 18 मार्च 2020 से एससीए स्टेडियम में ईरानी ट्राफी खेलनी थी। लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि कोविड-19 महामारी के कारण ईरानी कप नहीं खेला गया। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई के घरेलू सत्र 2022-23 को पूर्ण स्तर पर आयोजित होते हुए देखकर अच्छा लग रहा है और ईरानी कप दो साल के बाद खेला जायेगा। ’’

एससीए ने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) सचिव जय शाह को धन्यवाद दिया कि उन्होंने प्रतिष्ठित ईरानी कप 2022 खेलने और इसकी मेजबानी के अनुरोध को स्वीकार कर लिया। पिछला ईरानी कप 2018-2019 रणजी ट्राफी के बाद विदर्भ और शेष एकादश के बीच खेला गया था।

Share With Your Friends If you Loved it!