डंकी रूट के जरिए युवाओं को भारत से अमेरिका भेजने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में एक दर्जन से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें चार करोड़ रुपये से अधिक नकद, 300 किलो से ज्यादा चांदी और करीब छह किलो सोने के बिस्किट जब्त किए गए।
Also Read: बाल-बाल बचे हमसफर एक्सप्रेस बगहा में डिरेल होने से बड़ा हादसा टला
अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली के एक ट्रैवल एजेंट के ठिकाने से 4.62 करोड़ रुपये नकद, 313 किलो चांदी और छह किलो सोने के बिस्किट जब्त किए गए हैं। छापेमारी के दौरान फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से आपत्तिजनक चैट भी मिली हैं, जबकि हरियाणा में मुख्य आरोपी के ठिकाने से ‘डंकी’ नेटवर्क से जुड़े अहम दस्तावेज और रिकॉर्ड बरामद हुए। जांच में सामने आया है कि एजेंट अवैध रूप से अमेरिका भेजे जाने वाले लोगों के प्रॉपर्टी दस्तावेज कमीशन की गारंटी के तौर पर अपने पास रखते थे।
अमेरिका से डिपोर्टेशन के बाद तेज हुई ईडी की जांच
अमेरिका से भारतीय नागरिकों को वापस भेजे जाने के बाद डंकी रूट मामले में जांच तेज हुई और केंद्रीय एजेंसी ने जुलाई में पहली बार छापेमारी की थी। हाल ही में ईडी ने इस अवैध नेटवर्क से जुड़े कुछ ट्रैवल एजेंटों की करीब पांच करोड़ रुपये की संपत्ति भी अटैच की है। ईडी की जांच पंजाब और हरियाणा पुलिस द्वारा फरवरी 2025 में दर्ज उन एफआईआर पर आधारित है, जो अमेरिकी सरकार द्वारा सैन्य कार्गो विमानों से 330 भारतीयों को भारत भेजे जाने के बाद दर्ज की गई थीं। एजेंसी का आरोप है कि आरोपियों ने लोगों को कानूनी तरीके से अमेरिका भेजने का झांसा देकर भारी रकम ली, लेकिन बाद में उन्हें दक्षिण अमेरिकी देशों के जरिए खतरनाक और अवैध रास्तों से सीमा पार कराने पर मजबूर किया गया, जहां यात्रा के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, उनसे अतिरिक्त पैसे वसूले गए और गैरकानूनी काम करवाए गए।
Also Read: बड़ेतेवाड़ा हिंसा: मोबाइल सेवाएं बंद ASP सहित 20 पुलिसकर्मी घायल

