मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से उड़ान सेवाएं प्रभावित हुईं और कई फ्लाइट्स डायवर्ट करनी पड़ीं। इसी दौरान मंगलवार को एअर इंडिया का एक विमान मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पायलट नीरज सेठी की जमकर तारीफ
इस वीडियो को सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब सराहा। पायलट-इन-कमांड कैप्टन नीरज सेठी की जमकर तारीफ हुई। एक यूजर ने लिखा कि सभी यात्रियों के साथ सुरक्षित लैंडिंग का इतना खूबसूरत वीडियो साझा करने के लिए धन्यवाद। दूसरे ने लिखा कि पायलटों का आभार, क्योंकि मुंबई का मौसम बेहद खराब था और दृश्यता लगभग न के बराबर थी। पिछले महीने जब मैं मुंबई आया था तब भी मौसम खराब था, लेकिन फिर भी फ्लाइट सुरक्षित उतरी थी। कैप्टन को पूरे अंक, वे भारतीय आसमान के असली नायक हैंवहीं कुछ यूजर्स का कहना था कि यह पायलटों के लिए सामान्य स्थिति है क्योंकि वे ऐसे हालात के आदी होते हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा कि ज्यादातर लैंडिंग ऑटो-पायलट मोड पर होती है, पायलट सिर्फ यह सुनिश्चित करते हैं कि सब कुछ सुचारू रूप से चले और रनवे पर मानवीय त्रुटियों से बचा जा सके।
मूसलाधार बारिश से मुंबई ठप, रेल-हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित
महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हाहाकार मचा दिया है। मुंबई और आसपास के इलाकों की सड़कों व निचले क्षेत्रों में कई फीट तक पानी भर गया है और रेल पटरियां डूब गई हैं। इसका असर जनजीवन पर बुरी तरह पड़ा है। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें रुक-रुककर चल रही हैं और अब तक 370 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिनमें आठ फ्लाइट्स को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा।

