दिग्गज कारोबारी कुमार मंगलम बिड़ला द्वारा वोडाफोन आइडिया (Vi) में हिस्सेदारी बढ़ाने के बाद कंपनी के शेयर एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले छह महीनों में वोडाफोन आइडिया के शेयरों में करीब 76 प्रतिशत तक तेजी दर्ज की गई है। AGR बकाए पर राहत, तीन साल के टर्नअराउंड प्लान की शुरुआत, ऑपरेटिंग लॉस में कमी और ARPU में सुधार जैसे कई सकारात्मक फैक्टर्स ने इस रैली को सपोर्ट किया है। कुमार मंगलम बिड़ला के बढ़ते निवेश ने बाजार को स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रमोटर कंपनी के भविष्य को लेकर आशावादी हैं। फिलहाल यह स्टॉक अपने 50 और 200 दिन के सिंपल मूविंग एवरेज (SMA) से ऊपर ट्रेड कर रहा है, जो मजबूत ट्रेंड का संकेत देता है। हालांकि, शेयर में वोलैटिलिटी अभी भी ज्यादा है और इसका एक साल का बीटा 1.5 बना हुआ है, जिससे उतार-चढ़ाव की संभावना बनी रहती है।
Also Read: यूपी सरकार आज पेश करेगी अब तक का सबसे बड़ा बजट
मार्केट एक्सपर्ट्स की राय: आइडिया में निवेश को लेकर क्या कहते हैं जानकार
स्टॉक में तेजी के बावजूद कई मार्केट एक्सपर्ट्स सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। एमके रिसर्च ने अपने लेटेस्ट नोट में वोडाफोन आइडिया को ‘सेल’ से अपग्रेड कर ‘ऐड’ रेटिंग दी है और 12 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि AGR देनदारियों पर सरकारी राहत कंपनी के कैश फ्लो को मजबूत करेगी और टर्नअराउंड की संभावनाएं बढ़ाएगी।
AGR बकाए पर मिली बड़ी राहत: आइडिया को सरकार से मिला सपोर्ट
वोडाफोन आइडिया पर करीब 87,695 करोड़ रुपये का एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) बकाया है, जिसे सरकार ने फिलहाल होल्ड पर रखा है। पहले कंपनी को भारी किस्तों का दबाव झेलना पड़ता था, लेकिन केंद्रीय कैबिनेट ने 31 दिसंबर को राहत पैकेज मंजूर किया। अब कंपनी मार्च 2026 से मार्च 2031 तक सालाना 124 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी, जबकि बड़ी किश्तें 2032 से 2041 के बीच चुकाई जाएंगी।
दिसंबर तिमाही में घाटा घटा, ARPU में सुधार: आइडिया के प्रदर्शन में सुधार के संकेत
वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी का घाटा घटकर 5,286 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 6,609 करोड़ रुपये था। इस दौरान ऑपरेशनल रेवेन्यू 11,117 करोड़ रुपये से बढ़कर 11,323 करोड़ रुपये पहुंचा। हाई-वैल्यू ग्राहकों के जुड़ने और प्लान अपग्रेड के चलते ARPU बढ़कर 186 रुपये हो गया, जो पिछले साल 173 रुपये था।
प्रमोटर कुमार मंगलम बिड़ला ने 30 जनवरी से 1 फरवरी के बीच वोडाफोन आइडिया के कुल 4.09 करोड़ शेयर खरीदे। उन्होंने 30 जनवरी को 10.95 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर 2.21 करोड़ शेयर और 1 फरवरी को 11.13 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर 1.88 करोड़ शेयर खरीदे। इस कदम ने बाजार में कंपनी के प्रति भरोसा मजबूत किया।
Also Read: 12000 बीघा जमीन पर CM हिमन्त की कांग्रेस को चेतावनी


[…] Also Read: वोडाफोन आइडिया के शेयरों में निवे… […]