नए साल की शुरुआत उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है। शहरों में घर खरीदने या बसाने का सपना देख रहे लोगों को योगी सरकार जल्द ही बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत प्रदेश सरकार वाराणसी, कानपुर, मथुरा-वृंदावन सहित लगभग 22 शहरों में नई आवासीय योजनाएं लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। सरकारी आकलन के मुताबिक, इन योजनाओं के जरिए करीब 50 हजार लोगों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश परियोजनाओं के लिए ज़मीन की व्यवस्था पहले ही पूरी कर ली गई है।
Also Read: ईवीएम पर कर्नाटक चुनाव आयोग की मुहर, बीजेपी बोली– राहुल गांधी को करारा जवाब
योगी सरकार 22 शहरों में चरणबद्ध तरीके से लॉन्च करेगी नई आवासीय योजनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हर जरूरतमंद नागरिक को पक्का, सुरक्षित और किफायती घर मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। इस योजना के तहत सरकार ने सीड कैपिटल मॉडल अपनाया है, जिसके अंतर्गत विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद को शुरुआती वित्तीय सहायता दी जा रही है। इस राशि से जमीन खरीदी जाएगी और नई आवासीय परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। परियोजनाओं से होने वाली आमदनी के जरिए यह धनराशि सरकार को लौटाई जाएगी।
प्रदेश के 31 शहरों में आवासीय योजनाएं लाने के लिए कुल 13,887 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से अब तक 6,440 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। भूमि अधिग्रहण के तहत कुल 7,183.94 हेक्टेयर जमीन खरीदी जानी है, जिसमें से लगभग 1,539.25 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। इन आवासीय योजनाओं में केवल मकान ही नहीं, बल्कि स्कूल, कॉलेज, नर्सिंग होम, पार्क, सामुदायिक केंद्र और हरियाली जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि लोगों को बेहतर और सुरक्षित जीवन मिल सके। जिन शहरों में यह योजनाएं लाई जाएंगी, उनमें गोरखपुर, चित्रकूट, आगरा, बुलंदशहर, वाराणसी, मुरादाबाद, कानपुर, सहारनपुर, मथुरा-वृंदावन, फिरोजाबाद, लखनऊ आईटी सिटी और वेलनेस सिटी, खुर्जा, बांदा, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़-पिलखुआ और रामपुर शामिल हैं। इसके अलावा, आवास विकास परिषद चार अन्य शहरों में भी नई आवासीय योजनाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है।
Also Read: 24 घंटे में न्याय, अंजना की अधिकारों की जंग में सीएम योगी बने आवाज़

