पंजाब पुलिस ने मशहूर मैराथन धावक फौजा सिंह की हिट एंड रन घटना में हुई मौत के मामले में एक एनआरआई युवक को गिरफ्तार किया है। अनिवासी भारतीय अमृतपाल सिंह ढिल्लों को हिरासत में लेने के साथ ही पुलिस ने उसकी फॉर्च्यूनर एसयूवी भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तारी रात में, पूछताछ जारी
जालंधर के करतारपुर स्थित दसूपुर गांव के निवासी ढिल्लों को मंगलवार देर रात हिरासत में लिया गया और भोगपुर थाने में उससे पूछताछ चल रही है। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड पर लिया जा सकता है।
फौजा सिंह को टक्कर मारने वाला एनआरआई अमृतपाल सिंह ढिल्लों निवासी गांव दासूवाल करतारपुर को पुलिस ने देर रात घर से गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कहा कि वह नहीं जानता था कि जिसे उसने टक्कर मारी है वह फाैजा सिंह हैं। बाद में टीवी पर देखा तो पता चला। पुलिस ने फॉर्च्यूनर के कुछ टूटे पार्ट घटना स्थल पर मिलने के बाद उन्हें एजेंसी से चेक करवाया और गाड़ी का मॉडल पता लगने के बाद हाईवे के साथ गांव के कैमरे भी चेक किया।
एसएसपी के मुताबिक, हादसे के बाद आरोपी अमृतपाल सिंह गांवों के रास्ते घर चला गया। उसने बताया कि उसका पासपोर्ट गुम हो गया है और जिस फॉर्च्यूनर से हादसा हुआ, वह किसी तीसरे व्यक्ति के नाम पर थी। अमृतपाल कनाडा में वर्क परमिट पर काम कर रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर गाड़ी जब्त कर ली है। उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
टहलने निकले थे फौजा सिंह, अस्पताल में हुई मौत
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 114 वर्षीय ब्रिटिश मैराथन धावक सरदार फौजा सिंह कल दोपहर टहलने निकले थे, तभी जालंधर-पठानकोट हाईवे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां शाम को उनकी मौत हो गई। केस दर्ज कर जांच जारी है।

