महाराष्ट्र के पनवेल रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3.5 किलोग्राम ड्रग्स जब्त की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जब्त किए गए नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 35 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। यह कार्रवाई एक विशेष इनपुट के आधार पर की गई थी, जिसमें एक महिला संदिग्ध पाई गई। एनसीबी अधिकारियों ने उसे स्टेशन पर रोका और तलाशी के दौरान भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किए। महिला को मौके पर ही हिरासत में लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को शक है कि यह मामला एक बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसमें अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय लिंक भी हो सकते हैं। एनसीबी अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
मंगला एक्सप्रेस से महिला गिरफ्तार, 35 करोड़ की ड्रग्स जब्त; बड़े नेटवर्क से जुड़ी जांच जारी
पनवेल रेलवे स्टेशन पर एनसीबी और रेलवे पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला यात्री से 3.5 किलोग्राम ड्रग्स जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 35 करोड़ रुपये बताई गई है। महिला पहले से ही ड्रग्स से जुड़े एक मामले में नामजद है। टीम ने उसे मंगला एक्सप्रेस में सफर के दौरान ट्रैक किया और पनवेल स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। रेलवे डीसीपी प्रज्ञा जेडगे के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जब्त की गई ड्रग्स को आगे की जांच के लिए रेलवे सुरक्षा बल को सौंप दिया गया है और महिला से पूछताछ जारी है।
सूत्रों का मानना है कि यह मामला एक बड़े ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। एनसीबी और रेलवे पुलिस मामले की संयुक्त जांच कर रही हैं और इस गिरोह से जुड़े सभी तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले पुणे डीआरआई ने एक बस से विदेशी नागरिक को गिरफ्तार कर करोड़ों की ड्रग्स जब्त की थी।
Also Read: यूपी में डिजिटल अरेस्ट पर पहली सजा, महिला डॉक्टर से 85 लाख ठगने वाले को 7 साल कैद

