सऊदी अरब में बिगड़ते सुरक्षा हालात के कारण भारतीय एयरलाइंस ने उड़ानें रद्द रखने की अवधि बढ़ा दी है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इंडिगो, एयर इंडिया और अकासा एयर ने नए फैसले लिए हैं। फैसलों से भारत और सऊदी अरब के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 24 अक्टूबर 2026 तक रद्द रखने का फैसला किया है। एयरलाइन ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की। कंपनी बदलते सुरक्षा हालात का लगातार आकलन कर रही है और प्रभावित यात्रियों को उनके पंजीकृत संपर्क विवरण पर सूचनाएं भेज रही है।एयर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा की उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द रखने का फैसला किया है। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसके लिए सबसे महत्वपूर्ण है।
Also Read : ऑनलाइन मैप के भरोसे अंडरपास में फंसा लोडर, लगा लंबा जाम
अकासा एयर की उड़ानें रद्द, यात्रियों को रिफंड की सुविधा
कंपनी क्षेत्रीय परिस्थितियों की समीक्षा कर रही है, ताकि सुरक्षित माहौल बनने पर परिचालन दोबारा शुरू कर सके। इससे पहले एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और अकासा एयर ने 17 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी। अब कुछ एयरलाइंस ने सुरक्षा चिंताओं के चलते इस अवधि को आगे बढ़ा दिया है। अकासा एयर ने भी सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अपनी उड़ानों पर रोक बढ़ा दी है। एयरलाइन रियाद की उड़ानें 24 अक्टूबर और जेद्दा की उड़ानें 21 अक्टूबर तक रद्द रखेगी। कंपनी ने कहा कि वह क्षेत्र के हालात पर लगातार नजर रख रही है और परिस्थितियों के अनुसार फैसले लेगी। प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए अकासा एयर पूरा रिफंड देगी।
कंपनी के मुताबिक, रिफंड की राशि सात दिनों के भीतर भुगतान के मूल माध्यम में जमा कर दी जाएगी। यात्री बिना अतिरिक्त शुल्क दिए अपनी यात्रा की तारीख भी बदल सकते हैं। एयर इंडिया ने भी प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड देने की घोषणा की है।सऊदी अरब में हालिया हमलों के बाद सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, रियाद एयरपोर्ट पर भी हमला हुआ था। क्षेत्र में ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरों के बीच एयरलाइंस अपनी उड़ानों की लगातार समीक्षा कर रही हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि कर लें। एयरलाइंस सुरक्षा परिस्थितियों का आकलन करने के बाद ही परिचालन दोबारा शुरू करने का फैसला लेंगी।

