• Tue. Mar 10th, 2026

    कुदरत का करिश्मा: बर्फ से सजा माता वैष्णो देवी का पावन भवन

    वैष्णो

    कटरा और आसपास के इलाकों में सीजन की पहली बारिश के साथ तेज हवाएं चलने लगी हैं, जबकि माता वैष्णो देवी के भवन और त्रिकुट पर्वत की ऊंची चोटियों पर लगातार बर्फबारी हो रही है। बिगड़ते मौसम को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एहतियातन यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित करने का फैसला लिया है। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने श्रद्धालुओं को कटरा में ही रोक दिया है। श्राइन बोर्ड ने साफ कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और मौसम सामान्य होते ही यात्रा फिर शुरू की जाएगी।

    कुदरत ने आज माता वैष्णो देवी के दरबार को दिव्य श्रृंगार से सजा दिया। त्रिकुट पर्वत पर विराजमान माता के भवन और आसपास के इलाकों में हुई भारी बर्फबारी ने पूरे धाम को अलौकिक रूप दे दिया है। सफेद बर्फ की चादर में लिपटा दरबार ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो स्वयं प्रकृति ने हिमालय की गोद में बसे इस पावन स्थल को सजाया हो। इस मनमोहक दृश्य को देखकर हर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठा।

    खराब मौसम के कारण अस्थायी रोक

    सुबह से जारी बर्फबारी ने माता के भवन, पवित्र मार्गों और आसपास की वादियों को पूरी तरह सफेद कर दिया है। सामने आई तस्वीरों में बर्फ से ढके छज्जे, ध्वज और हिमपात के बीच जगमगाता दरबार किसी दिव्य लोक जैसा दृश्य प्रस्तुत कर रहा है। चारों ओर ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच गिरते बर्फ के फाहे मानो आस्था पर पुष्पवर्षा कर रहे हो I

    Also Read: कोहली ने अपनी बल्लेबाज़ी में क्या बदलाव किए कि पुरानी चमक लौट आई

    बर्फबारी के बीच दुर्लभ दर्शन का अवसर

    इन दिनों भवन तक पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए यह दृश्य किसी सौभाग्य से कम नहीं है। माता की प्राचीन गुफा (पुरानी गुफा) के द्वार दर्शन के लिए खुले हुए हैं। ऐसे में श्रद्धालु माता के आद्य स्वरूप के दर्शन के साथ-साथ इस दुर्लभ बर्फबारी के साक्षी भी बन रहे हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि बर्फबारी के बीच हुए दर्शन जीवनभर की अविस्मरणीय स्मृति बन गए हैं। यात्रा स्थगित होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। कटरा में रुके यात्रियों ने श्राइन बोर्ड के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि सुरक्षा सबसे अहम है। एक श्रद्धालु ने कहा, “माता बुलाएंगी तो दर्शन जरूर होंगे, हम यहीं इंतजार करेंगे।” वहीं दूसरे यात्री ने कहा, “आस्था के आगे मौसम कुछ भी नहीं।”

    मौसम साफ होते ही यात्रा फिर होगी शुरू

    प्रशासन और श्राइन बोर्ड लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हालात अनुकूल होते ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। फिलहाल, बर्फ की सफेदी में लिपटा माता वैष्णो देवी धाम श्रद्धा, शांति और दिव्यता का अनुपम संदेश दे रहा है।

    Also Read: नोएडा और अहमदाबाद में स्कूलों को बम धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

    Share With Your Friends If you Loved it!
    One thought on “कुदरत का करिश्मा: बर्फ से सजा माता वैष्णो देवी का पावन भवन”

    Comments are closed.