फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। रविवार को ‘महावतार नरसिम्हा’ ने धमाकेदार प्रदर्शन किया, जिससे कई फिल्में पिछड़ गईं। हालांकि ‘सन ऑफ सरदार 2’ और ‘धड़क 2’ के कलेक्शन में भी कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई। आइए जानते हैं बाकी फिल्मों का हाल।
‘सन ऑफ सरदार 2’ ने वीकेंड पर कमाए 24.75 करोड़, मेकर्स को अभी भी बड़ी उम्मीदें
अजय देवगन की मल्टीस्टारर फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, जो ‘सन ऑफ सरदार’ का सीक्वल है। ओपनिंग डे पर फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये की कमाई की थी और इसके बाद इसका कलेक्शन धीरे-धीरे बढ़ता गया। रविवार को फिल्म ने 9.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। इस तरह पहले वीकेंड में कुल मिलाकर 24.75 करोड़ रुपये की कमाई हुई। वीकेंड पर फिल्म का प्रदर्शन संतोषजनक रहा, लेकिन मेकर्स को इससे और बेहतर नतीजों की उम्मीद है। अब नजरें इस हफ्ते के कलेक्शन पर टिकी हैं।
महावतार नरसिम्हा’ की बॉक्स ऑफिस पर तूफानी कमाई, 10 दिन में पहुंची 91.35 करोड़ पर
अश्विन कुमार के निर्देशन में बनी एनिमेशन फिल्म ‘महावतार नरसिम्हा’ इन दिनों सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है। ओपनिंग डे पर फिल्म ने सिर्फ 1.75 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी, लेकिन अब यह बाकी सभी फिल्मों पर भारी पड़ती नजर आ रही है। शनिवार को फिल्म ने 15.4 करोड़ रुपये कमाए, जबकि रविवार को इसका कलेक्शन बढ़कर 23.50 करोड़ रुपये पहुंच गया। लगातार फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है। अब तक 10 दिनों में ‘महावतार नरसिम्हा’ ने कुल 91.35 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।

