• Sun. Mar 8th, 2026

    29-31 दिसंबर: यूपी-दिल्ली और बिहार में ठंड व कोहरे को लेकर IMD का अलर्ट

    ठंड

    उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की गिरफ्त में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 29 दिसंबर तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। बिहार में 31 दिसंबर तक जबकि पंजाब और हरियाणा में 30 दिसंबर तक कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कोल्ड डे और बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम व उत्तराखंड के लिए सीवियर कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। राजधानी दिल्ली में दो दिन धूप निकलने के बाद अब साफ आसमान के चलते गलन और बढ़ गई है। पहाड़ी इलाकों से आ रही सर्द पछुआ हवाएं ठंड का असर तेज कर रही हैं। दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और शुक्रवार (26 दिसंबर) को पारा और नीचे जाने की संभावना है।

    Also Read: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में शिक्षक दानिश की सड़क पर सिर में गोली मारकर हत्या का वीडियो आया सामने

    उत्तर प्रदेश में कोहरे का अलर्ट

    उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है और रात के समय सर्दी और तेज हो जाती है। गुरुवार को कुछ इलाकों में दिन के समय धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन न्यूनतम तापमान फिर गिर गया है। मौसम विभाग ने प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज और सीतापुर में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार 27 और 28 दिसंबर को प्रदेश का मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन इस दौरान कई इलाकों में घने से अत्यंत घना कोहरा छाने की आशंका है। वहीं 29, 30 और 31 दिसंबर को मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि कोहरे का असर बना रहेगा।

    तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। गुरुवार को मेरठ प्रदेश की सबसे ठंडी जगह रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि साल के अंत तक कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है। बर्फीली पछुआ हवाओं के चलते ठंड और बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों में राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

    Also Read: जयपुर में मस्जिद के बाहर रेलिंग हटाने को लेकर हंगामा, भीड़ के पथराव में 6 पुलिसकर्मी घायल

    Share With Your Friends If you Loved it!