रूस में McDonald’s की वापसी को लेकर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि McDonald’s दोबारा रूस आना चाहता है, तो अब उसका स्वागत Red Carpet बिछाकर नहीं किया जाएगा। यह बयान पुतिन ने क्रेमलिन में हुई एक बैठक के दौरान दिया, जिसमें उन्होंने फास्ट फूड कंपनी को निशाने पर लिया। गौरतलब है कि McDonald’s ने 2022 में यूक्रेन युद्ध के चलते पश्चिमी देशों की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के बाद रूस से अपने सभी संचालन बंद कर दिए थे और अपने सभी आउटलेट्स एक रूसी व्यापारी को बेच दिए थे।
पुतिन ने कहा: ‘केवल मूर्ख ही करते हैं समझौता’, Red Carpet की बात खारिज
Also Read : पंचकूला में सात लोगों की आत्महत्या, कारोबारी की कार से मिला सुसाइड नोट
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार क्रेमलिन में बैठक के दौरान राष्ट्रपति पुतिन ने व्कुस्नो आई टोचका के सीईओ ओलेग पारोयेव से कहा कि, ‘उन्होंने (Mcdonald’s) सभी को मुश्किल में डाल दिया, भाग गए, और अब अगर वो वापस आना चाहते हैं, तो क्या हमें उनके लिए लाल कालीन बिछाना चाहिए? बिल्कुल नहीं।’ व्कुस्नो आई टोचका वो फास्ट फूड चेन है जिसने मई 2022 में रूस छोड़कर भागी McDonald’s की जगह ले ली थी। पुतिन ने यह भी कहा कि ‘केवल मूर्ख ही समझौता करते हैं और यही बात यहां भी लागू होती है।’
राष्ट्रपति पुतिन ने सरकारी अमले को निर्देश दिया है कि वो उन विदेशी कंपनियों की वापसी के लिए नियम बनाए जो रूस लौटना चाहती हैं, लेकिन यह सब कुछ रूसी कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखकर किया जाएगा। पुतिन ने यह भी कहा कि अगर कोई विदेशी कंपनी वापस लौटना चाहती है तो उसे रूस की शर्तों पर ही लौटना होगा। उन्होंने कहा कि अगर आपको फायदा हो, तो आने दो। नहीं हो तो हम ऐसा करेंगे जिससे रूस का फायदा हो। इसके साथ ही राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार रूसी कारोबारियों को पूरा समर्थन देगी और हर फैसला देश के हित को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
Also Read : महाराष्ट्र ने ई-बाइक टैक्सी मसौदा नियम जारी, सुझाव पांच जून तक मांगे

