रोहित शर्मा ने 20 हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन, तीन दोहरे शतक और अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी से खुद को आधुनिक क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ों में स्थापित किया है। ‘हिटमैन’ के नाम से मशहूर रोहित शर्मा अब एक नई पहचान के साथ सामने आने वाले हैं और उन्हें जल्द ही ‘डॉक्टर रोहित शर्मा’ कहा जाएगा।
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज़ रोहित शर्मा को उनके शानदार क्रिकेट करियर और बेहतरीन नेतृत्व क्षमता के लिए बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। पुणे स्थित अजींक्य डी वाई पाटिल यूनिवर्सिटी (ADYPU) अपने 10वें दीक्षांत समारोह में रोहित शर्मा को मानद डॉक्टरेट (D.Litt.) की उपाधि प्रदान करेगी।
यूनिवर्सिटी ने इस सम्मान की आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि दीक्षांत समारोह शनिवार, 24 जनवरी को पुणे में आयोजित होगा। इस भव्य और स्टार-स्टडेड कार्यक्रम में रोहित शर्मा मुख्य आकर्षण होंगे, जहां उनके योगदान को विशेष रूप से सराहा जाएगा।
रोहित शर्मा को अजींक्य डी वाई पाटिल यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टरेट
अजींक्य डी वाई पाटिल यूनिवर्सिटी के अनुसार, क्रिकेट प्रेमी उन्हें ‘हिटमैन’ के नाम से जानते हैं, लेकिन यह सम्मान उनके जीवन और करियर का एक नया और खास अध्याय है। इस समारोह की अध्यक्षता यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेंट और चांसलर डॉ. अजींक्य डी वाई पाटिल करेंगे और रोहित को विश्व स्तर पर उनके प्रेरणादायक नेतृत्व के लिए सम्मानित किया जाएगा।
यूनिवर्सिटी ने यह भी कहा कि रोहित शर्मा धैर्य, रणनीति और मानसिक मजबूती जैसे मूल्यों के प्रतीक हैं, जो वर्ष 2026 के स्नातक छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उनके करियर में 508 मैच, 20,109 रन, 50 शतक और 111 अर्धशतक जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज हैं।
Also Read:ईरान के नेता ख़ामनेई ‘अंडरग्राउंड’, विरोध और अस्थिरता बढ़ी

