दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई मैदानी इलाकों में हीटवेव से लेकर भीषण हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका जताई गई है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। IMD ने तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, कराईकल, माहे और लक्षद्वीप में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
Also Read: कॉकरोच जनता पार्टी: कौन हैं अभिजीत दीपके
भीषण गर्मी के बीच पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और रायलसीमा में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर भारत में 23 से 25 मई के बीच असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम,त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी राज्यों में भी मौसम बदलने के संकेत मिले हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी चल सकती है, जबकि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
Also Read: NEET UG 2026 रिफंड प्रक्रिया आज से शुरू, NTA ने बताए नियम

