फिल्म प्रेमियों के लिए रोमांचक खबर है क्योंकि सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर ‘बॉर्डर 2’ का टीजर आज रिलीज़ हो गया है। टीजर में भारतीय सेना की शौर्य गाथा को एक्शन और इमोशन के साथ दिखाया गया है। इसकी शुरुआत सनी देओल के दमदार वॉइसओवर से होती है, जिसमें वे कहते हैं, ‘हिम्मत है तो आ, ये खड़ा है हिंदुस्तान।’ इसके बाद 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध, शकरगढ़ सेक्टर और श्रीनगर आईएएफ बेस की रोमांचक घटनाओं के साथ वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ के किरदारों को दिखाया गया है। नॉर्थ अरेबियन सी में अहान शेट्टी की भूमिका और अंत में सनी देओल का मिसाइल गन के साथ धमाकेदार प्रवेश टीजर की सबसे रोमांचक झलक हैं।
‘बॉर्डर 2’ का 2 मिनट 4 सेकंड का टीजर फिल्म की कहानी और किरदारों की झलक पेश करता है। टीजर में बताया गया है कि यह फिल्म सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। वरुण धवन भारतीय थल सेना, दिलजीत दोसांझ वायु सेना और अहान शेट्टी नेवी के जवान के किरदार में नजर आएंगे, जबकि सनी देओल अपने प्रतिष्ठित ‘बॉर्डर’ वाले किरदार में दिखाई देंगे। टीजर में चारों किरदारों की बैक स्टोरी और उनके साथी भी दिखाए गए हैं—सनी देओल के साथ मोना सिंह, दिलजीत दोसांझ के साथ सोनम बाजवा, वरुण धवन के साथ मेधा राना और अहान शेट्टी के साथ आन्या सिंह। इसमें युद्ध के सीन, रोमांटिक झलक और जवानों के जश्न की भी झलक दिखाई गई है, जिससे फिल्म की पूरी कहानी का अंदाजा मिलता है।
1971 के युद्ध की गाथा बड़े पर्दे पर
अनुराग सिंह द्वारा निर्देशित ‘बॉर्डर 2’ साल 1997 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है, जो 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और लोंगेवाला की लड़ाई पर आधारित थी। सनी देओल पहले पार्ट का हिस्सा थे और इस बार भी मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि बाकी पूरी कास्ट नई है। गणतंत्र दिवस के करीब 23 जनवरी 2026 को रिलीज़ होने वाली इस फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म में पहले पार्ट के लोकप्रिय गीत ‘संदेसे आते हैं’ को रीक्रिएट किया जाएगा और इसे सोनू निगम के साथ अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा गाएंगे, जबकि संगीत मिथुन कंपोज करेंगे। टीजर रिलीज़ के बाद फैंस को इस गाने का बेसब्री से इंतजार है।
Also Read: नोएडा एयरपोर्ट से 50 शहरों के लिए चलेंगी बसें

