BSE को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई के रमाबाई मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। हालांकि अब तक की जांच में पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस के अनुसार, रविवार को BSE की आधिकारिक वेबसाइट पर एक ईमेल के जरिए यह धमकी भेजी गई थी। चूंकि रविवार को स्टॉक एक्सचेंज बंद था, इसलिए शिकायतकर्ता ने सोमवार को ईमेल देखने के बाद शाम को पुलिस से संपर्क किया। ईमेल में लिखा था कि बीएसई की फिरोज टावर बिल्डिंग में 4 RDX IED बम लगाए गए हैं और दोपहर 3 बजे उनमें विस्फोट होगा।
धमकी भरे ईमेल से फैली दहशत: BSE और स्वर्ण मंदिर दोनों को बनाया गया निशाना
पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(1)(ब), 353(2), 351(3), 351(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक यह एक हॉक्स मेल है और आरोपी ने पहले भी इस तरह का मेल भेजा हुआ है। बता दें कि इससे पहले सोमवार को ऐसी ही एक धमकी पंजाब के अमृतसर में स्थिर स्वर्ण मंदिर को भी दी गई थी। ईमेल भेजने वाले ने स्वर्ण मंदिर के लंगर हॉल को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी थी। इस बारे में हरमंदिर साहिब की प्रबंधक कमेटी ने पुलिस को शिकायत दी। ईमेल भेजने वाले शख्स ने ईमेल में लिखा, आरडीएक्स रखा है, उड़ा देंगे।
बता दें कि हरमंदिर साहिब, जिसे स्वर्ण मंदिर या दरबार साहिब भी कहा जाता है, सिख धर्म का सबसे पवित्र गुरुद्वारा है। यह मंदिर सिख धर्म के अनुयायियों के लिए एक महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है और दुनिया भर से लोग यहां आते हैं। शुरुआती जांच में लग रहा है कि किसी की तरफ से जानबूझकर दहशत फैलाने के लिए यह ईमेल भेजा गया है। एस.जी.पी.सी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि इस मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। धमकी के मिलने के बाद स्वर्ण मंदिर के अंदर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की टास्क फोर्स और बाहर पुलिस तैनात की गई है।

