भारत के दोपहिया बाजार में बदलाव साफ नजर आ रहा है। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के आंकड़ों के मुताबिक, सस्ती कम्यूटर बाइकों की बिक्री में लगातार गिरावट आई है, जबकि प्रीमियम और उच्च-प्रदर्शन मोटरसाइकिलों की मांग में तेजी आई है। 75-110cc सेगमेंट में 4.3% की गिरावट दर्ज की गई, जबकि 110-125cc और 125-150cc सेगमेंट में क्रमशः 5.5% और 33% की कमी आई है। इस गिरावट का कारण ग्रामीण और कम आय वाले शहरी उपभोक्ताओं पर बढ़ता आर्थिक दबाव है, जिससे उनकी खरीदारी क्षमता पर असर पड़ा है।
प्रीमियम और हाई-परफॉर्मेंस बाइकों की बिक्री में जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है, खासकर 150cc से ऊपर के सेगमेंट में। 150-200cc, 200-250cc, और 250-350cc श्रेणियों में क्रमशः 12.7%, 28.7%, और 28.9% की वृद्धि हुई है। यहां तक कि 500-800cc और 800cc से ऊपर के सेगमेंट में भी मांग में वृद्धि देखी गई है। ये आंकड़े यह दर्शाते हैं कि अब उपभोक्ता सिर्फ सस्ती बाइकों की तलाश में नहीं हैं, बल्कि वे लाइफस्टाइल और प्रीमियम अनुभव को अधिक महत्व दे रहे हैं।
उपभोक्ता की बदलती प्राथमिकताएं
भारतीय दोपहिया बाजार में एंट्री-लेवल बाइकों की बिक्री में गिरावट का कारण BS6 नॉर्म्स, महंगी इंश्योरेंस और बढ़ती पेट्रोल की कीमतें हैं, जिससे कम आय वर्ग पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। वहीं, प्रीमियम और हाई-परफॉर्मेंस बाइकों की बिक्री में तेजी आई है, क्योंकि युवा और उच्च आय वर्ग के खरीदार इन्हें लाइफस्टाइल और सामाजिक स्थिति से जोड़कर देख रहे हैं। कंपनियां भी अब प्रीमियम और एडवेंचर कैटेगरी पर जोर दे रही हैं, जैसे Royal Enfield Himalayan और Hero Xpulse जैसे मॉडल पेश कर रही हैं।
Also Read: बाजार में तेजी: सेंसेक्स 388 अंक चढ़ा निफ्टी 26000 के पार

