चूरू जिले के भाणुदा गांव में दोपहर करीब 1:25 बजे वायुसेना का एक विमान खेत में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. राजलदेसर थानाधिकारी कमलेश ने जानकारी दी कि इस हादसे में दोनों पायलटों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के तुरंत बाद गांववाले मौके पर पहुंचे तो उन्होंने विमान का मलबा जलता हुआ पाया. रतनगढ़ वृत्ताधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि राजलदेसर और रतनगढ़ थानों की पुलिस, दमकल विभाग और एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं. पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है.
दोनों पायलट की मौत
प्लेन हादसे पर भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने ट्वीट किया, “आईएएफ का जगुआर ट्रेनर विमान आज राजस्थान के चुरू के पास एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. दुर्घटना में दोनों पायलट की मौत हो गई. भारतीय वायुसेना की ओर से कहा गया, जानमाल के नुकसान पर गहरा दुःख है और वह इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है. किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की गई है.”
क्रैश होने के बाद कई टुकड़ों पर बंटा विमान
वायुसेना का जगुआर प्लेन क्रैश होने के बाद कई टूकड़ों में बंट गया. दुर्घटनास्थल के आसपास विमान के टुकड़े भी बिखरे हुए देखे गए. इस साल अब तक वायुसेना के तीन प्लेन क्रैश हो चुके हैं. तीन महीने पहले अप्रैल में एक घटना हुई थी, जब भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का दो सीटों वाला जगुआर विमान जामनगर एयरफील्ड से उड़ान भरने के तुरंत बाद रात्रि मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. जिसमें पायलट सिद्धार्थ यादव की दुखद मृत्यु हो गई थी, जबकि दूसरा पायलट भी इस घटना में घायल हो गया था. इससे पहले, 7 मार्च को हरियाणा के अंबाला के पास एक जगुआर लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पायलट सुरक्षित बच गया था.

