सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 247.01 अंक गिरकर 82,253.46 पर और एनएसई निफ्टी 67.55 अंक फिसलकर 25,082.30 पर बंद हुआ था। अब जानते हैं आज बाजार की स्थिति कैसी रही।
सेंसेक्स की टॉप गेनर और लूजर कंपनियां, एफआईआई-डीआईआई निवेश रुझान
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में सन फार्मा, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा मोटर्स और इंफोसिस को सबसे अधिक लाभ हुआ। दूसरी ओर, एचसीएल टेक के शेयर करीब तीन फीसदी टूटे। इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1,614.32 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,787.68 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
बाजार में अस्थिरता जारी, एफआईआई की बिकवाली और घटती महंगाई दर से निवेश धारणा प्रभावित
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार का कहना है कि बाजार फिलहाल उतार-चढ़ाव की स्थिति में है और किसी बड़े बदलाव के स्पष्ट संकेत नहीं दिख रहे हैं। अप्रैल से जून तक एफआईआई शुद्ध खरीदार थे, लेकिन जुलाई में वे शुद्ध विक्रेता बन गए हैं, जिससे लार्जकैप शेयरों पर दबाव बढ़ा है। एक अहम संकेत यह है कि जून में सीपीआई मुद्रास्फीति घटकर 2.10% पर आ गई है, जो आरबीआई के वित्त वर्ष 2026 के लिए अनुमानित 3.7% से कम है। इससे ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें भी बढ़ी हैं।
