लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज यानी गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि वे वोट चोरी के मुद्दे पर कुछ नए खुलासे कर सकते हैं। हाल ही में उन्होंने ‘हाइड्रोजन बम’ का उल्लेख किया था, जिस पर से भी आज वह पर्दा उठा सकते हैं।
Also Read : सुप्रीम कोर्ट का नया नियम अब पूरे देश में लागू, आवारा कुत्तों पर बड़ा आदेश
पवन खेड़ा ने दी राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानकारी, राजनीतिक हलकों में बढ़ी उत्सुकता
कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर पहले ही जानकारी साझा की थी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 17 सितंबर को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सुबह 10 बजे इंदिरा भवन ऑडिटोरियम में एक विशेष प्रेस ब्रीफिंग करेंगे। हालांकि, खेड़ा ने यह साफ नहीं किया कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल किस विषय पर बोलेंगे। कयास लगाए जा रहे हैं कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस बेहद अहम हो सकती है और इसमें राहुल गांधी किसी बड़े राजनीतिक मुद्दे या हाल के विवादों पर अपना रुख स्पष्ट कर सकते हैं।
महादेवपुरा में लाखों वोट चोरी, लोकतंत्र पर ‘परमाणु बम
पिछले महीने राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया था कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में हेरफेर के जरिए एक लाख से अधिक वोट चुराए गए। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर गंभीर हमला बताते हुए कहा था कि “वोट चोरी हमारे लोकतंत्र पर परमाणु बम है।” राहुल का यह बयान विपक्ष के बीच व्यापक चर्चा का विषय बना और कांग्रेस पार्टी ने भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए तथा जनता से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जागरूक रहने की अपील की।

