• Wed. Mar 18th, 2026
    IPL

    IPL 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रशंसकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबलों के आयोजन को मंजूरी दे दी है। अब बेंगलुरु का यह मैदान आगामी सत्र के मैचों की मेजबानी कर सकेगा।

    रिपोर्ट के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस सत्र में अपने पांच घरेलू मुकाबले चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलेगी। वहीं टीम के दो अन्य मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सत्र 28 मार्च से शुरू होगा, जिसमें बेंगलुरु की टीम का पहला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के साथ होगा।

    दरअसल, पिछले सत्र में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद बेंगलुरु में प्रशंसकों ने जोरदार जश्न मनाया था। जब टीम ट्रॉफी के साथ शहर पहुंची, तब खिलाड़ियों के स्वागत और सम्मान के लिए बड़ी संख्या में लोग स्टेडियम के बाहर इकट्ठा हो गए थे।

    Also Read: ‘जीते जी इलाहाबाद’ पर ममता कालिया को साहित्य अकादमी सम्मान

    IPL 2026: आरसीबी के होम ग्राउंड चिन्नास्वामी स्टेडियम को मैचों की मेजबानी की अनुमति

    हालांकि, इसी दौरान 4 जून 2025 को स्टेडियम के बाहर अचानक भगदड़ मच गई थी। इस दर्दनाक घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे और सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन किया था।

    इसके बाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अधिकारियों और विशेषज्ञ समिति के बीच बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा इंतजामों और आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में समिति ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में मुकाबले कराने की अंतिम मंजूरी दे दी। नियमों के अनुसार, इसी स्टेडियम में इस सत्र का फाइनल मुकाबला भी खेला जाएगा।

    Also Read: RCB-SRH का ओपनिंग मुकाबला चिन्नास्वामी में, KSCA को मिली अनुमति

    Share With Your Friends If you Loved it!