ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 35 वर्षीय स्टार्क ने यह कदम टेस्ट क्रिकेट और 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर ध्यान केंद्रित करने के उद्देश्य से उठाया है। उन्होंने अपना आखिरी टी-20 मैच 2024 के वर्ल्ड कप में खेला था।
टी-20 करियर का शानदार सफर स्टार्क ने 65 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिनमें उन्होंने 79 विकेट लिए। वे ऑस्ट्रेलिया के लिए टी-20 में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उनका बेस्ट परफॉर्मेंस 2022 में वेस्टइंडीज के खिलाफ (4 विकेट) रहा।स्टार्क 2021 में UAE में हुए टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने कहा, ‘मैंने ऑस्ट्रेलिया के लिए हर टी-20 मैच का लुत्फ उठाया, खासकर 2021 वर्ल्ड कप का, न सिर्फ जीत की वजह से, बल्कि उस शानदार टीम और उस दौरान की मस्ती की वजह से।’
टेस्ट क्रिकेट बनी मिचेल स्टार्क की पहली पसंद
टेस्ट और वनडे पर फोकस करेंगे स्टार्क ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट हमेशा उनकी पहली प्राथमिकता रहा है। 2026 में ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट शेड्यूल काफी व्यस्त है, जिसमें बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज, साउथ अफ्रीका का दौरा, न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज, जनवरी 2027 में भारत में पांच टेस्ट, इंग्लैंड के खिलाफ मेलबर्न में 150वीं सालगिरह का एक स्पेशल टेस्ट, और फिर 2027 में इंग्लैंड में एशेज सीरीज शामिल है।
इसके अलावा, अक्टूबर-नवंबर 2027 में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में वनडे वर्ल्ड कप होगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगा।
स्टार्क ने कहा, ‘भारत में टेस्ट दौरे, एशेज और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए, यह फैसला मुझे इन बड़े टूर्नामेंट्स के लिए तरोताजा और फिट रहने में मदद करेगा। साथ ही, इससे नई गेंदबाजी इकाई को अगले टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी का समय भी मिलेगा।’

