• Fri. Nov 6th, 2026

यमुना में बजी खतरे की घंटी, ताजेवाला से छोड़ा गया 3.09 लाख क्यूसेक पानी

mathura

यमुना में खतरे की घंटी बजती नजर आ रही है। ताजेवाला से पिछले 24 घंटे के दौरान 3.09 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। यह मात्रा सोमवार सुबह छह बजे 3 लाख क्यूसेक के आंकड़े को पार कर गई है। मथुरा प्रयाग घाट पर यमुना का जल स्तर 164.06 मीटर के निशान को छू गया है। इसे देखते हुए गोकुल बैराज से भी आगरा के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ना शुरू कर दिया गया है।

रविवार शाम पांच बजे यमुना में ताजेवाला से 1.90 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने का दौर शुरू हुआ था। रात 12 बजे यह मात्रा 2.51 लाख क्यूसेक पर पहुंच गई, जबकि सोमवार प्रात: 6 बजे तक तीन लाख क्यूसेक का आंकड़ा भी पार कर दिया। दोपहर दो बजे से एक बार फिर यह मात्रा 1.9 लाख क्यूसेक पर आ गई है। लगातार 24 घंटेे तक दो लाख से अधिक पानी ताजेवाला से छोड़ा जाना खतरे की घंटी माना जा रहा है।

yamuna river

हालांकि जनपद में इस पानी को पहुंचने में अभी चार से पांच दिन का वक्त लगेगा। फिर भी गोकुल बैराज से आगरा के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। सुबह छह बजे 10752 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जो दोपहर दो बजे 16 हजार से अधिक हुआ और शाम पांच बजे यह मात्रा 31466 क्यूसेक हो गई। फिर भी प्रशासन फिलहाल किसी प्रकार की चिंताजनक स्थिति नहीं मान रहा है।

बाढ़ आपदा प्रभारी अधिकारी/एडीएम वित्त योगानंद पांडेय ने बताया कि अभी कोई चिंता की बात नहीं है। ऊपरी इलाकों में बारिश का जलस्तर बढ़ रहा है। ताजेवाला से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन इस पर पूरी नजर बनाए है।

Also Read: हिमाचल प्रदेश: कालका-शिमला NH बंद, दूध-ब्रेड की गाड़ियां परवाणू से वापस भेजीं

Share With Your Friends If you Loved it!