मौसम में आए बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 मई तक दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर पश्चिम भारत और देश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की आशंका बनी हुई है। हालांकि, ओडिशा, गंगा किनारे पश्चिम बंगाल और पूर्वी व पूर्व मध्य भारत में 7 मई के बाद से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच कई क्षेत्रों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। चंबा जिले के चेली गांव में शनिवार रात डोंडरा नाला में बादल फटने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाढ़ में 150 भेड़-बकरियां बह गईं।
Also Read : 115 वर्षीय एथेल कैटरहम दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला
कुछ इलाकों में हवाएं 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान, मध्य भारत, ओडिशा, झारखंड में कुछ स्थानों पर 70-100 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी आई। गुजरात, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान में भी 40-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
Also Read : “90-99% कश्मीरी भारत के वफादार हैं, वो हमारे भाई हैं” – जावेद अख्तर
बारिश के साथ ओलावृष्टि ने भी मचाया कहर
पश्चिम बंगाल के गंगा के तट वाले इलाकों, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नगालैंड, त्रिपुरा, तमिलनाडु पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान का असर रहा। वहीं, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई, जबकि ओडिशा और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। इससे तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
Also Read : जानिए अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना क्यों माना जाता है शुभ
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय बदलेगा मौसम का मिजाज
आईएमडी ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब और उत्तर-पश्चिम राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 मई तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान राजस्थान में भी छिटपुट बारिश होने की संभावना है। 7 मई तक पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 6-8 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 6 मई तक बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
लाहौल की ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी
राजधानी शिमला में दोपहर बाद गरज के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हुई। लाहौल में चोटियों पर बर्फबारी और कई क्षेत्रों में बारिश हुई है। कुल्लू में शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रविवार सुबह तक जारी रही। 9 घंटे हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। इसके अलावा रामपुर, सोलन, कांगड़ा, बिलासपुर, सिरमौर मंडी में भी बारिश-अधंड़ और ओलावृष्टि हुई। मौसम में बदलाव से तापमान में 4-6.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
Also Read : भारत से डरा पाकिस्तान, शरीफ ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। इसको देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर खराब मौसम के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा है। पत्र में लिखा है कि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गर्जन के साथ बिजली चमकने/वर्षा के तीव्र दौर, ओलावृष्टि व कहीं-कहीं 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकदार हवाएं चल सकती हैं। इस स्थिति में अपने जिलों में सावधानियां सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विद्यालयों में सावधानी बरती जाए। असामान्य मौसम, भारी वर्षा की चेतावनियों के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति न दी जाए।
[…] […]