जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ। खानी टॉप के पास भादरवाह–चंबा अंतरराज्यीय सड़क पर सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन सड़क से फिसलकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
सैन्य अधिकारियों के अनुसार, वाहन में 17 जवान सवार थे, जो ऊंचाई वाले क्षेत्र में स्थित एक चौकी की ओर जा रहे थे। अचानक नियंत्रण बिगड़ने से वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद के लिए आगे आए।
Also Read: महाभारत पर आमिर खान क्यों हैं बेहद सतर्क? बोले—इस प्रोजेक्ट में गलती की कोई गुंजाइश नहीं
बचाव दलों ने मौके से 10 जवानों के शव बरामद किए और घायलों को खाई से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल तीन जवानों को हेलीकॉप्टर के जरिए उधमपुर के कमांड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका विशेष उपचार चल रहा है।
सेना ने बयान जारी कर बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। शहीद जवानों के परिवारों को सूचना दे दी गई है और घायलों को हर संभव बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
Also Read: AI के बढ़ते इस्तेमाल से चिंतित इसके जनक, भविष्य को लेकर किया आगाह

