बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान एक बार फिर जान से मारने की धमकी को लेकर चर्चा में आ गए हैं। टाइगर श्रॉफ के घर पर फायरिंग और अमिताभ बच्चन को धमकी मिलने के बाद अब कथित तौर पर रोहित गोदारा गैंग ने सैफ अली खान को निशाना बनाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक ऑडियो में एक शख्स सैफ को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देता सुनाई दे रहा है। आरोपी ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का करीबी जीशान अख्तर बताया है। इस कथित धमकी ने बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
Also read:आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत, अंतरिम जमानत के खिलाफ ED की याचिका खारिज
वायरल ऑडियो में सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, करीना कपूर के विवाद का भी जिक्र
वायरल ऑडियो में धमकी देने वाला शख्स सैफ अली खान की पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर का जिक्र भी करता है। वह करीना से जुड़े एक ताजा विवाद को धमकी की वजह बताता है और अभिनेता को चेतावनी देता है कि कहीं उन्हें अपनी पत्नी की कथित गलती की कीमत न चुकानी पड़े। ऑडियो में आरोपी सैफ को उनके पुराने हमले की याद दिलाता है। गौरतलब है कि जनवरी 2025 में एक हमलावर ने सैफ के मुंबई स्थित घर में घुसकर उन पर चाकू से हमला किया था। इस हमले में अभिनेता गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन इलाज के बाद उन्होंने रिकवरी की। कथित ऑडियो में शख्स कहता है कि पिछली बार चाकू के हमले में सैफ बच गए थे, लेकिन इस बार गोली लगने पर उनका हाल बाबा सिद्दीकी जैसा हो सकता है।
धमकी देने वाला शख्स अपने ऑडियो संदेश में कहता है, “सैफ अली खान, देख तेरी बीवी करीना कपूर ने जो गलती की है, कहीं ऐसा न हो कि इसकी गलती की सजा तुझे भुगतनी पड़े। पहले चाकू लगा था, तो ऊपर वाले ने बचा लिया था। जब हमारी गोली लगेगी ना तो कहीं ऐसा न हो कि बाबा सिद्दीकी जैसा हाल हो जाए।” इस बयान में आरोपी ने साफ तौर पर सैफ को जान से मारने की धमकी दी और बाबा सिद्दीकी की हत्या का उदाहरण देकर डराने की कोशिश की। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस ऑडियो की प्रामाणिकता और इसमें सुनाई दे रही आवाज की पहचान की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़े जीशान अख्तर पर शक, बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
मुंबई पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या वास्तव में जीशान अख्तर ने सैफ अली खान को धमकी दी है या फिर किसी दूसरे व्यक्ति ने उसका नाम इस्तेमाल करके यह ऑडियो तैयार किया है। जीशान अख्तर का नाम बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी सामने आया था और वह इस मामले में वॉन्टेड बताया जाता है। पुलिस ऑडियो की सत्यता, धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और रोहित गोदारा गैंग से उसके संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस धमकी के पीछे की असली साजिश का खुलासा हो सकेगा।
लगातार मिल रही धमकियों के बीच बॉलीवुड के कई कलाकारों ने अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मुंबई पुलिस की सुरक्षा शाखा इन मांगों और संबंधित खतरे का आकलन कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खतरे की गंभीरता को देखते हुए कुछ फिल्मी हस्तियों को एक्स-श्रेणी की सुरक्षा देने पर विचार हो सकता है। इस सुरक्षा व्यवस्था में आमतौर पर दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस संबंध में कोई अंतिम आदेश जारी नहीं किया है। पुलिस हर मामले की अलग-अलग समीक्षा कर रही है और खतरे के स्तर के आधार पर ही सुरक्षा का फैसला लेगी। सैफ अली खान को मिली कथित धमकी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा के मौजूदा इंतजाम ऐसे आपराधिक खतरों से निपटने के लिए पर्याप्त हैं।
Also read:पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर PM मोदी का संदेश, दी भावभीनी श्रद्धांजलि
