बिहार के दरभंगा जिले और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कथित ‘बाल कतरवा’ गैंग की गतिविधियों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद महिलाओं और परिवारों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का दावा है कि बदमाश रात के समय घरों में घुसकर चोरी या लूट की वारदात को अंजाम देने के साथ-साथ सो रही महिलाओं और बच्चियों के बाल भी काट रहे हैं। इन घटनाओं ने पूरे इलाके में कई तरह की आशंकाओं को जन्म दे दिया है।
Also Read : दिल्ली-NCR का मौसम हुआ सुहाना, तेज बारिश से गर्मी का असर कम
आठ दिन में दूसरी वारदात, बच्ची के बाल काटकर फरार हुए बदमाश
ताजा मामला दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव का है। यहां अपराधियों ने महज आठ दिनों के भीतर दूसरी बार एक जैसी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश शिक्षक दंपति सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसे, लूटपाट की और घर में सो रही एक नाबालिग बच्ची के बाल काटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और टेक्निकल सेल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों घटनाओं में कई समानताएं पाईं। दोनों वारदातें गुरुवार रात हुईं, दोनों एक ही गांव और आसपास के क्षेत्र में हुईं तथा दोनों मामलों में लूटपाट के साथ लड़कियों के बाल काटे गए। इन समानताओं ने पुलिस का ध्यान एक संगठित गिरोह की ओर खींचा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी एक गैंग की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बाल कतरवा: पुलिस ने तेज की जांच, गिरोह की तलाश जारी
इससे पहले करीब आठ दिन पहले इसी गांव में डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर डकैती के दौरान बदमाशों ने उनकी बहू को कथित रूप से नशीला इंजेक्शन दिया, उसके बाल काटे और लाखों रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। लगातार दो समान घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है और बाल काटने के पीछे अपराधियों का उद्देश्य क्या है।
पुलिस ने कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक रिपोर्ट और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है.
Also Read : दिल्ली-NCR का मौसम हुआ सुहाना, तेज बारिश से गर्मी का असर कम

