• Sat. Oct 24th, 2026
    दिल्ली

    दिल्ली में जारी प्रदर्शन और हालिया हिंसक घटनाओं के बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से DMRC ने राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की है। अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय यात्रियों और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि, राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी।

    Also Read : पश्चिम बंगाल: बारुईपुर रेप केस का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में मारा गया, मां ने शव लेने से किया इंकार

    इन 16 मेट्रो स्टेशनों पर परिचालन रहेगा बंद

    DMRC के अनुसार लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन फिलहाल बंद रहेंगे। यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले नवीनतम मेट्रो अपडेट देखने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है। सोमवार को संसद कूच के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली थी। इसके बाद मंगलवार रात जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस इलाके में भी उपद्रव और हंगामे की घटनाएं सामने आईं। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर सुरक्षा घेरा बढ़ाया। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया और उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।

    सुरक्षा एजेंसियों ने प्रभावित मेट्रो स्टेशनों और संसद जाने वाले मार्ग पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया गया है। दिल्ली पुलिस राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशनों के बाहर लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारी जंतर-मंतर की ओर जाने वाले लोगों की संख्या पर भी नजर बनाए हुए हैं।DMRC और दिल्ली पुलिस ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और परिस्थितियों के अनुसार आगे का निर्णय लिया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो सेवाओं की स्थिति अवश्य जांच लें और आवश्यक होने पर वैकल्पिक परिवहन का उपयोग करें।

    Also Read : दिल्ली-NCR का मौसम हुआ सुहाना, तेज बारिश से गर्मी का असर कम

    Share With Your Friends If you Loved it!
    One thought on “दिल्ली मेट्रो का बड़ा फैसला: सुरक्षा के मद्देनज़र 16 स्टेशन अगले आदेश तक बंद”

    Comments are closed.