मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में नकली दूध बनाने का मामला सामने आया है। शामगढ़ थाना क्षेत्र के डूंगरखेड़ी गांव में दो भाई अपने घर पर नकली दूध तैयार कर रहे थे। दोनों ने घर को ही नकली दूध बनाने की फैक्ट्री बना रखा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर छापा मारा, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों आरोपी फरार हो गए। तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 10 लीटर संदिग्ध नकली दूध और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री मिली।
Also Read : पीएम मोदी आज गुजरात को देंगे ₹19,000 करोड़ की सौगात, मेट्रो विस्तार भी शुरू
घर में यूरिया और पाम ऑयल से बना रहे थे नकली दूध
पुलिस के मुताबिक, कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह नाम के दो भाई इस अवैध कारोबार को चला रहे थे। उनका मकान गांव की आबादी से कुछ दूरी पर स्थित है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान यूरिया खाद, पाम ऑयल, वनस्पति तेल और पाउडर बरामद किया। इसके अलावा, मौके से मिक्सर मशीन और कूलिंग उपकरण भी मिले। पुलिस ने पारस कंपनी के तेल के डिब्बे, 25-25 किलो के पाउडर के सात बोरे और 10 खाली डिब्बे भी जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, दोनों भाई अब तक एक हजार लीटर से अधिक कथित नकली दूध बाजार में बेच चुके थे। बताया जा रहा है कि आरोपी असली दूध में नकली दूध मिलाकर उसकी बिक्री करते थे। त्योहारों के दौरान इस कारोबार को बड़े स्तर पर फैलाने की योजना थी। दोनों भाई करीब 10 हजार लीटर नकली दूध तैयार करके बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे थे। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई से पहले ही दोनों आरोपी फरार हो गए।
Also Read : 40 विला-कॉटेज खरीद विवाद में IAS शिखर अग्रवाल APO, सरकार की बड़ी कार्रवाई
खाद्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर लिए नमूने
पुलिस ने छापेमारी के बाद खाद्य विभाग को मामले की जानकारी दी। करीब एक घंटे बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा तैयार किया। टीम ने संदिग्ध दूध और अन्य सामग्री के नमूने लेने की प्रक्रिया शुरू की। शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध दूध और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त कर ली है। फिलहाल दोनों आरोपियों की तलाश जारी है और नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : पीएम मोदी आज गुजरात को देंगे ₹19,000 करोड़ की सौगात, मेट्रो विस्तार भी शुरू

