• September 29, 2023

महाभारत के ‘शकुनि मामा’ का निधन, अस्पताल में लड़ रहे थे जिंदगी-मौत से जंग

Gufi Paintal

महाभारत में शकुनि का किरदार निभाने वाले गूफी पेंटल का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे 78 साल के थे। पेंटल पिछले कई दिनों से मुंबई अंधेरी स्थित अस्पताल में भर्ती थे। उनके साथी कलाकार सुरेंद्र पाल ने निधन की पुष्टि की है। आज शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

जिस वक्त गूफी की तबियत बिगड़ी उस वक्त वे फरीदाबाद में थे। पहले उन्हें फरीदाबाद के एक हॉस्पिटल में एडमिट किया गया और फिर मुंबई लाया गया।

गूफी ने 1975 में ‘रफू चक्कर’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। 80 के दशक में वे कई फिल्मों और टीवी शोज में नजर आए। हालांकि, गूफी को असल पहचान 1988 में बीआर चोपड़ा के सुपरहिट शो ‘महाभारत’ से मिली थी। शो में उन्होंने शकुनि मामा का किरदार निभाया था। गूफी आखिरी बार स्टार भारत के शो ‘जय कन्हैया लाल की’ में नजर आए थे।

Gufi Paintal

एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले गुफी पेंटल आर्मी में थे। दैनिक भास्कर से हुई खास बातचीत में पेंटल आर्मी जवान से शकुनि बनने की कहानी शेयर की थी। उन्होंने कहा था, “1962 में भारत-चीन के बीच जब युद्ध चल रहा था, तब मैं इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। युद्ध के दौरान भी कॉलेज में आर्मी की भर्तियां चल रही थीं। मैं हमेशा से आर्मी में जाना चाहता था। पहली पोस्टिंग चीन बॉर्डर पर आर्मी आर्टिलरी में हुई थी।

बॉर्डर पर मनोरंजन के लिए टीवी और रेडियो नहीं होता था इसलिए हम बॉर्डर पर (सेना के जवान) रामलीला करते थे। रामलीला में मैं सीता का रोल करता था और रावण बना शख्स स्कूटर पर आकर मेरा अपहरण करता था। मुझे एक्टिंग का शौक तो था ही, इससे कुछ ट्रेनिंग भी मिल गई।”

Share With Your Friends If you Loved it!