नई दिल्ली: जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों की आज, 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे BSE और NSE पर लिस्टिंग होगी। ग्रे मार्केट के मजबूत संकेतों के मुताबिक, जियो लिस्टिंग के साथ ही देश की दूसरी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी बन सकती है। कंपनी के आईपीओ को निवेशकों का शानदार समर्थन मिला और यह 22 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ। ग्रे मार्केट प्रीमियम के आधार पर जियो प्लेटफॉर्म्स का बाजार पूंजीकरण करीब ₹12.61 लाख करोड़ पहुंचने का अनुमान है। इस स्तर पर कंपनी भारती एयरटेल को पीछे छोड़ सकती है, जिसका बाजार पूंजीकरण मंगलवार को लगभग ₹12.35 लाख करोड़ था। एयरटेल के शेयर मंगलवार को NSE पर ₹1,978.80 पर बंद हुए।
ग्रे मार्केट में 22% गेन का अनुमान, लिस्टिंग से जियो बन सकती है देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी
जियो के आईपीओ का इश्यू प्राइस ₹1,119 प्रति शेयर तय किया गया था। लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में इसके शेयर ₹245 से ₹255 के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे थे। ₹250 का औसत प्रीमियम मानने पर शेयर करीब ₹1,369 पर लिस्ट हो सकता है। ऐसा होने पर निवेशकों को लगभग 22 प्रतिशत का लिस्टिंग गेन मिल सकता है। अनुमान सही साबित होने पर रिलायंस इंडस्ट्रीज करीब ₹16.19 लाख करोड़ के बाजार पूंजीकरण के साथ पहले स्थान पर बनी रहेगी। जियो दूसरे, भारती एयरटेल तीसरे, HDFC बैंक चौथे और ICICI बैंक पांचवें स्थान पर आ सकते हैं।
जियो की लिस्टिंग से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) शीर्ष पांच कंपनियों की सूची से बाहर हो सकती है। मंगलवार को TCS का बाजार पूंजीकरण लगभग ₹9.03 लाख करोड़ था। हालांकि, ग्रे मार्केट प्रीमियम केवल अनौपचारिक संकेतक है और वास्तविक लिस्टिंग मूल्य की गारंटी नहीं देता।
Also Read : Bihar MLC Election 2026: Neeraj Singh Leads in Patna, BJP Ahead in Tirhut

