तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम को लेकर राजनीतिक और धार्मिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मदुरै की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बावजूद निर्धारित स्थान पर दीपक नहीं जलाने से मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सरकार विपक्ष और हिंदू संगठनों के निशाने पर आ गई है। इस मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भारतीय जनता पार्टी लगातार राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना करने का आरोप लगा रही है। वहीं, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर सरकार से जवाब मांगा है। राज्यपाल ने यह स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर अदालत के निर्देशों का पालन क्यों नहीं किया गया। दूसरी ओर, तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी ओर से आदेश का पालन नहीं हो पाने पर खेद जताया है।
राज्यपाल ने सरकार से मांगी आधिकारिक जानकारी
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने राज्य सरकार को पत्र लिखकर कार्तिगई दीपम विवाद पर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने मदुरै की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं होने पर सवाल उठाए हैं। राज्यपाल ने सरकार से पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी देने के साथ यह भी पूछा है कि प्रशासन ने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों को क्या विशेष निर्देश दिए थे। दरअसल, 25 नवंबर को निर्धारित स्थान पर दीपक जलाने के बजाय प्रशासन ने उची पिल्लयार मंदिर के पास स्थित पारंपरिक दीपा मंडपम में दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान पुलिस ने इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। कई नेताओं ने पुलिस पर उन्हें नजरबंद करने का आरोप भी लगाया। इस घटनाक्रम ने विवाद को और बढ़ा दिया है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीप प्रज्वलन नहीं होने पर हिंदू धर्म परिषद ने तमिलनाडु के अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की है। संगठन ने आरोप लगाया है कि राज्य के अधिकारियों ने 20 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी निर्देशों का जानबूझकर पालन नहीं किया। हिंदू धर्म परिषद की तरफ से के.के. रमेश ने यह याचिका दायर की है। इसमें तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के कमिश्नर डॉ. टी.जी. विनय, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा और पुलिस कमिश्नर एस. राजेंद्रन को पक्षकार बनाया गया है। याचिकाकर्ता ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अदालत के आदेश की अवहेलना करने पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले ने राज्य सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
Also read:WhatsApp का नया फीचर: अब 2 हफ्ते पहले शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज
मदुरै प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट में जताया खेद
इस बीच, मदुरै के जिला प्रशासन ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट पेश कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। प्रशासन ने बताया कि उसने दीप प्रज्वलन के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली थीं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी किए थे। हालांकि, मंदिर ट्रस्ट ने पहाड़ी पर दीपक जलाने जाने वाले लोगों की सूची प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, ट्रस्ट को यह सूची प्रशासन को सौंपनी थी। प्रशासन ने इसी वजह से निर्धारित स्थान पर दीपक नहीं जल पाने की बात कही और अदालत के आदेश का पालन नहीं कर पाने पर खेद जताया। जिला प्रशासन ने यह भी बताया कि मुरुगन मंदिर के पीछे स्थित गणेश मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी पारंपरिक रूप से दीपक जलाया गया।
मदुरै प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट में मंदिर ट्रस्ट के एक प्रस्ताव का भी उल्लेख किया। इस प्रस्ताव में ट्रस्ट ने दीपथून यानी पत्थर के स्तंभ पर दीपक जलाने की परंपरा को आगम शास्त्रों और वैदिक रीति-रिवाजों के खिलाफ बताया था। प्रशासन ने कहा कि उसने इस प्रस्ताव और मौके पर बने हालात को ध्यान में रखते हुए दीपथून पर दीपक जलाने की अनुमति नहीं दी। उधर, तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने गुरुवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर इस मामले में शिकायत दर्ज कराई। बीजेपी इस मुद्दे पर सरकार को लगातार घेर रही है। अब राज्यपाल के स्पष्टीकरण मांगने और हिंदू धर्म परिषद की अवमानना याचिका के बाद कार्तिगई दीपम विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। सभी की निगाहें अब राज्य सरकार के जवाब और सुप्रीम कोर्ट की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
Also read:संविधान दिवस पर PM मोदी की विपक्ष को सलाह, युवाओं के लिए भी कही बड़ी बात

