दुनियाभर के इंटरनेट यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता सामने आई है। साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स के मुताबिक, दो असुरक्षित डेटाबेस से 350 करोड़ से ज्यादा निजी जानकारियां लीक हुई हैं। इस डेटा में यूजरनेम, पासवर्ड, राष्ट्रीय पहचान पत्र नंबर और फोन नंबर जैसी संवेदनशील जानकारियां शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, लीक हुए डेटा में सबसे ज्यादा जानकारी चीन के नागरिकों से जुड़ी है। इस घटना के बाद करोड़ों यूजर्स के अकाउंट और निजी जानकारी पर साइबर हमले का खतरा बढ़ गया है।
दो डेटाबेस से लीक हुईं करोड़ों लोगों की निजी जानकारियां
साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर्स ग्रेग पॉलक और जर्मिया फॉलर ने इस बड़े डेटा लीक का खुलासा किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, लीक हुए डेटा में करीब 150 करोड़ डॉक्यूमेंट्स और 200 करोड़ लॉग-इन क्रेडेंशियल्स शामिल हैं। इन जानकारियों में 164 करोड़ डॉक्यूमेंट्स, 84 करोड़ राष्ट्रीय पहचान पत्र नंबर और 30 करोड़ फोन नंबर भी शामिल हैं। इसके अलावा, करीब 1.1 करोड़ छात्रों के एनरॉलमेंट रिकॉर्ड और 80 लाख बिजनेस रजिस्ट्रेशन की जानकारियां भी सामने आई हैं। साइबर अपराधी इन जानकारियों का इस्तेमाल पहचान चुराने और लोगों को ब्लैकमेल करने के लिए कर सकते हैं।
दूसरे लीक हुए डेटाबेस में ईमेल एड्रेस, यूजरनेम, पासवर्ड, कुकीज, सेशन टोकन और डिवाइस से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस डेटाबेस में 8,471 फोल्डर मिले हैं, जिनमें कई देशों के यूजर्स के अकाउंट विवरण मौजूद हैं। इनमें अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों के नागरिकों की जानकारियां शामिल हैं। रिसर्चर्स के मुताबिक, करीब 10 करोड़ सोशल मीडिया अकाउंट और एक करोड़ से ज्यादा ई-कॉमर्स अकाउंट की जानकारी भी लीक हुई है। इसके अलावा, कुछ डॉक्यूमेंट्स में एडवांस मालवेयर के इस्तेमाल के संकेत भी मिले हैं।
Also Read : WhatsApp का नया फीचर: अब 2 हफ्ते पहले शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज
साइबर हमले से बचने के लिए अपनाएं ये तरीके
इस तरह के डेटा लीक के बाद यूजर्स को अपने ऑनलाइन अकाउंट की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सबसे पहले अपने ईमेल, सोशल मीडिया और बैंकिंग अकाउंट के पासवर्ड बदलें और हर अकाउंट के लिए अलग पासवर्ड रखें। अपने वेब ब्राउजर और डिवाइस को हमेशा लेटेस्ट सॉफ्टवेयर से अपडेट रखें। साथ ही, समय-समय पर ब्राउजर की कुकीज और अनावश्यक डेटा क्लियर करें। सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क पर बैंकिंग या अन्य संवेदनशील अकाउंट का इस्तेमाल करने से बचें। अपने सभी महत्वपूर्ण अकाउंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) जरूर चालू करें।
साइबर अपराधी लीक हुई जानकारियों का इस्तेमाल करके फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक और ऑनलाइन ठगी को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए अनजान ईमेल, मैसेज और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी व्यक्ति के साथ अपना OTP, पासवर्ड या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। अगर आपको किसी तरह की साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़ता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा, आप आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। सतर्कता और मजबूत डिजिटल सुरक्षा ही ऐसे साइबर खतरों से बचने का सबसे बेहतर तरीका है।

