एअर इंडिया के एक और विमान में तकनीकी खराबी की खबर सामने आई है। गुरुवार को दिल्ली से लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के लिए रवाना हुई एयरलाइन की उड़ान AI111 को बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। विमान में आई संदिग्ध तकनीकी समस्या के चलते पायलटों ने एहतियातन यह फैसला लिया।
गुरुवार सुबह करीब छह बजे एअर इंडिया की फ्लाइट AI111 ने दिल्ली से लंदन के लिए उड़ान भरी। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, जब विमान सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तब चालक दल ने तकनीकी खराबी की आशंका जताई और विमान को वापस दिल्ली मोड़ने का निर्णय लिया। उस समय तक विमान लगभग चार घंटे तक हवा में उड़ान भर चुका था।
वापसी की उड़ान सहित यह विमान कुल सात घंटे तक हवा में रहा और दोपहर करीब 12:30 बजे सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतर गया। सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान के भीतर कुछ असामान्य आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वापसी का फैसला किया। विमान में सवार यात्रियों की सटीक संख्या फिलहाल सामने नहीं आई है।
Also Read: 2000 किलोमीटर दूर से भारत को मिली बड़ी राहत जहाजों में भरकर आ रही एलपीजी
एअर इंडिया का आधिकारिक बयान
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन ने एहतियात के तौर पर विमान को वापस बुलाया। संदिग्ध तकनीकी खराबी सामने आने के बाद कंपनी ने सुरक्षा मानकों के तहत यह निर्णय लिया।
प्रवक्ता ने पुष्टि की कि विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली लौट आया है और अब इंजीनियरिंग टीम इसकी विस्तृत तकनीकी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लग सकता है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और उन्हें जल्द से जल्द लंदन पहुंचाने का आश्वासन दिया।
क्या पहले भी सामने आई थी तकनीकी समस्या?
एअर इंडिया ने जनवरी 2024 से अपने नए A350-900 विमानों का संचालन शुरू किया है। जिस विमान (VT-JRF) में यह घटना हुई, वह पहले भी तकनीकी समस्या का सामना कर चुका है। सूत्रों के अनुसार, 15 मार्च को भी इसी विमान में खराबी आई थी। उस समय विमान न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा था और तकनीकी समस्या के कारण उसे आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा था। कम समय में एक ही विमान में दो बार तकनीकी समस्या सामने आने से एयरलाइन के रखरखाव प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।
नए A350-900 विमानों में आ रही तकनीकी कमियां एअर इंडिया के लिए परिचालन संबंधी चिंता बढ़ा सकती हैं। अब सभी की नजरें विस्तृत तकनीकी जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे खराबी के वास्तविक कारण का पता चलेगा।
Also Read: उत्तर भारत में मौसम बदलेगा: MP-राजस्थान में बारिश, पहाड़ी राज्यों में हिमपात की संभावना


[…] […]