• Thu. Nov 5th, 2026

ओडिशा रेल हादसे से दुखी गौतम अडाणी ने बढ़ाए मदद के हाथ, मृतकों के बच्चों को लेकर किया बड़ा ऐलान

Gautam Adani

अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने ओडिशा रेल हादसे के दो दिन बाद एक बड़ा ऐलान किया है। गौतम अडाणी ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि ओडिशा में हुए रेल हादसे से वे काफी दुखी हैं। अडाणी ने कहा कि इस रेल हादसे में जिन मासूमों ने अपने माता-पिता को खोया है, अडाणी ग्रुप उन बच्चों की स्कूली शिक्षा की जिम्मेदारी उठाएगा। बताते चलें कि शुक्रवार, 2 जून को ओडिशा के बालासोर जिले में हुए रेल हादसे में अभी तक 275 लोगों की मौत हो चुकी है।

गौतम अडाणी ने रविवार को शाम करीब 5 बजे एक ट्वीट किया। अडाणी ग्रुप के चेयरमैन ने अपने ट्वीट में लिखा, ”उड़ीसा की रेल दुर्घटना से हम सभी बेहद व्यथित हैं। हमने फैसला लिया है कि जिन मासूमों ने इस हादसे में अपने अभिभावकों को खोया है उनकी स्कूली शिक्षा की जिम्मेदारी अडाणी समूह उठाएगा। पीड़ितों एवं उनके परिजनों को संबल और बच्चों को बेहतर कल मिले यह हम सभी की संयुक्त जिम्मेदारी है।”

बताते चलें कि शुक्रवार की शाम 6.55 बजे बालासोर जिले के बहानागा बाजार रेलवे स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस पटरियों से उतर गई थी, जिसके बाद वह ट्रेन लूप लाइन पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई थी। मालगाड़ी से टक्कर होने के बाद कोरोमंडल एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे बगल वाली पटरी पर चले गए थे। कुछ ही देर बाद बगल वाली पटरी पर दूसरी दिशा से यशवंतपुर-हावड़ा सुपरफास्ट ट्रेन आ गई और कोरोमंडल एक्सप्रेस के डिब्बों में जाकर भिड़ गई।

ओडिशा के चीफ सेक्रेट्री प्रदीप जेना ने बताया कि इस भयानक रेल हादसे में 275 लोगों की जान जा चुकी है, इससे पहले बताया जा रहा था कि मरने वालों की संख्या 288 तक पहुंच गई है। हादसे में करीब 900 लोग घायल भी हुए थे, जिन्हें आसपास के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार देकर डिस्चार्ज कर दिया गया था।

Share With Your Friends If you Loved it!