होली 2026 के करीब आते ही देशभर में यात्रियों की आवाजाही बढ़ने लगी है, क्योंकि लोग रंगों के इस त्योहार को मनाने के लिए अपने-अपने घरों की ओर रवाना होंगे। इसे देखते हुए रेलवे ने स्टेशन पर भीड़ को संभालने के लिए विशेष तैयारी की है और घोषणा की है कि इस साल होली के दौरान रिकॉर्ड 1410 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जबकि जरूरत पड़ने पर यह संख्या 1500 तक बढ़ाई जा सकती है। गौरतलब है कि पिछले साल 2025 में होली के लिए कुल 1144 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया था।
Also Read: आसमान में बढ़ती रहस्यमयी पट्टी, सैटेलाइट्स पर मंडरा रहा संकट
रेल मंत्रालय ने होली 2026 के लिए अलग-अलग जोनों में स्पेशल ट्रेनों का संचालन तय कर दिया है। सबसे अधिक 285 स्पेशल ट्रेनें पूर्व मध्य रेलवे से चलेंगी, इसके बाद पश्चिम रेलवे 231, मध्य रेलवे 209 और दक्षिण मध्य रेलवे 160 ट्रेनें चलाएगा। अन्य जोनों में उत्तर रेलवे 108, उत्तर पश्चिम रेलवे 71, उत्तर मध्य रेलवे 66, पूर्वोत्तर और पूर्व तटीय रेलवे 62-62, दक्षिण पश्चिम रेलवे 47, पश्चिम मध्य रेलवे 43, दक्षिण रेलवे 39, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे 15, कोंकण रेलवे 9 और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे 2 स्पेशल ट्रेनें चलाएंगे। रेलवे ने कहा है कि इस योजना का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू परिचालन सुनिश्चित करना है।
होली: बिहार-झारखंड-पूर्वी यूपी के लिए 285 स्पेशल ट्रेनें
रेलवे ने होली 2026 के लिए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी से आने-जाने वाले लोगों के लिए 285 स्पेशल ट्रेनें चलाने का बड़ा प्लान तैयार किया है। ये ट्रेनें अतिरिक्त फेरे के तौर पर चलाई जाएंगी, ताकि त्योहार के दौरान बढ़ी भीड़ को संभाला जा सके और प्लेटफॉर्म पर हड़बड़ी या सुरक्षा जोखिम कम हो। अधिक भीड़ वाले रूट्स पर डायरेक्ट कनेक्टिविटी देने के साथ, कई स्पेशल ट्रेनों में स्लीपर और जनरल कोच की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे आम यात्रियों को राहत मिले और वेटिंग लिस्ट कंट्रोल में रहे।
Also Read: सेंसेक्स 266 अंक उछला निफ्टी 25600 के पार बंद

