• Thu. Apr 23rd, 2026

    रुद्रप्रयाग: उफनती अलकनंदा नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, एक की मौत

    Accident

    उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के घोलतीर क्षेत्र में एक भीषण हादसा हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गई. हादसे के समय करीब चार से पांच लोग बस से बाहर गिर गए. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. बस में लगभग 18 से 20 यात्री सवार थे, जिनमें से आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है. राहत और बचाव कार्य के लिए रेस्क्यू टीम मौके पर मौजूद है और कार्य में लगी हुई है.

    सूचना के मुताबिक ये हादसा बद्रीनाथ हाईवे पर हुआ है, जहां घोलतीर के पास बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी. हादसे के वक्त बस में यात्री भी सवार थे. बस पहाड़ी से लुढ़कते हुए सीधा अलकनंदा नदी में समा गई. पहाड़ों पर खराब मौसम और बारिश की वजह से नदी का बहाव बेहद तेज था. हादसे के दौरान करीब चार-पांच लोग बस से छिटककर बाहर गिर गए हैं, जो पहाड़ियों पर अटके हुए हैं. इन लोगों को भी ढूंढने की कोशिश की जा रही है. 

    Also Read: महाराष्ट्र में पहली कक्षा से हिंदी भाषा पढ़ाने पर विवाद, अजित पवार ने कहा – हिंदी की पढ़ाई पांचवी कक्षा से शुरू होनी चाहिए

    एसडीआरएफ ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ  की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंच गई है. सुरक्षा एजेंसियां भी मौके पर मौजूद हैं. राहत एवं बचाव काम तेजी से शुरू किया गया है. अब तक आठ लोगों को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक की मौत होने की सूचना आ रही है. नदी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में भी काफी दिक्कतें आ रही हैं. मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई है. 

    बारिश की वजह से अलकनंदा नदी में तेज बहाव था, ऐसे में यात्रियों के नदी में बहने की भी आशंका बनी हुई है. इस बस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता आईजी नीलेश आनंद भरणे ने कहा, “रुद्रप्रयाग जिले के घोलतीर इलाके में एक बस अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गई है. अब तक मिली जानकारी के अनुसार बस में 18 लोग सवार थे. रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है.”

    Also Read: Indian-Origin Democrat Zohran Mamdani Secures Victory in New York Mayoral Primary

    Share With Your Friends If you Loved it!