बिहार के बक्सर और भागलपुर में दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बक्सर में गुरुवार शाम राजपुर थाना क्षेत्र के हनुमान राय के डेरा गांव के पास तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
Also Read : यूपी चुनाव से पहले BJP की बड़ी तैयारी, सभी 403 सीटों पर महिला विस्तारकों की होगी तैनाती
भागलपुर में कार हादसे में दो की मौत
बक्सर में दुर्घटनाग्रस्त कार एक बारात में शामिल थी। कार उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भटौरा गांव से बिहार के कैमूर जिले के बिशनपुरा गांव जा रही थी। हादसे में बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25), अरबाज खान (20) और अरुण कुमार (34) की जान चली गई। वहीं, बाइक सवार शुभम राय और शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
भागलपुर में भी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घने कोहरे के कारण कार एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय वंदना राय और 45 वर्षीय चालक नानकू राय के रूप में हुई है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना देकर घायलों की मदद की।
Also Read : हाजीपुर में कल PM मोदी का मेगा कार्यक्रम, 3 लाख करोड़ की योजनाओं की देंगे सौगात
छठ मनाकर घर लौट रहा था परिवार
वंदना राय छठ पूजा मनाने के लिए बांका जिले के असमानीचक गांव स्थित अपने मायके आई थीं। त्योहार खत्म होने के बाद वह परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के भदोही जिले स्थित अपने ससुराल लौट रही थीं। रास्ते में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान बुलबुल शर्मा, आर्य शर्मा, आरती शर्मा और तनिष्क शर्मा के रूप में हुई है।
भागलपुर पुलिस ने हादसे में दो लोगों की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। मधुसूदनपुर के थाना प्रभारी संजय कुमार मंडल ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शवों को उत्तर प्रदेश ले गए। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। दोनों हादसों के बाद प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
Also Read : यूपी चुनाव से पहले BJP की बड़ी तैयारी, सभी 403 सीटों पर महिला विस्तारकों की होगी तैनाती

