मुंबई: महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन निगम ने बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख को अपना नया ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। निगम की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों अगले पांच वर्षों तक इस भूमिका में रहेंगे और सड़क सुरक्षा, यात्री जागरूकता तथा सामाजिक अभियानों से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस नियुक्ति को औपचारिक रूप देने के लिए मंत्रालय में समझौते पर हस्ताक्षर किए गए, जहां देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक भी मौजूद रहे।
अधिकारियों के अनुसार, रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन निगम के अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और विभिन्न जनजागरूकता पहलों को आगे बढ़ाएंगे। दोनों कलाकार सड़क सुरक्षा, सुरक्षित यात्रा और सामाजिक संदेशों से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेंगे। इससे पहले, निगम ने 2023 में मराठी अभिनेता मकरंद अनासपुरे को ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था, हालांकि वे निगम के कार्यक्रमों में अपेक्षाकृत कम नजर आए। वहीं, दिवंगत अभिनेता विक्रम गोखले करीब दो दशक पहले इस जिम्मेदारी को निभा चुके हैं और उस समय निगम के प्रचार अभियानों से जुड़े रहे थे।
Also Read: मौसम विभाग की बड़ी भविष्यवाणी: समय से पहले आएगा मानसून, जल्द शुरू होगी बारिश
रितेश देशमुख बने MSRTC का चेहरा, जानें निगम की ताकत
महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन निगम देश का सबसे बड़ा सड़क परिवहन निगम है, जिसके पास 16,000 से अधिक बसों का विशाल बेड़ा और लगभग 86,000 कर्मचारी हैं। यह निगम राज्य के दूर-दराज़ इलाकों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और हर दिन 55 लाख से अधिक यात्रियों को सुरक्षित व सुलभ यात्रा सुविधा प्रदान करता है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ-साथ यह सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है, जो लाखों लोगों की दैनिक आवाजाही का प्रमुख साधन बना हुआ है।
बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख पूर्व महाराष्ट्र मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के पुत्र हैं, जिन्होंने राज्य के सीएम के रूप में दो कार्यकाल पूरे किए और केंद्र में मंत्री भी रहे। रितेश के भाई अमित देशमुख और धीरज देशमुख सक्रिय राजनीति में हैं और कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने रितेश देशमुख को ऐसे समय ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है जब उनकी आगामी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ चर्चा में है। रितेश और जेनेलिया देशमुख ने 2012 में विवाह किया था। दोनों ने पहले मराठी पारंपरिक रीति-रिवाजों से और फिर चर्च में ईसाई रीति से शादी की थी। करीब एक दशक तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद उन्होंने वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
Also Read: दिल्ली में आज कई इलाकों में 5 घंटे पानी सप्लाई बंद


[…] Alslo Read: रितेश-जेनेलिया बने महाराष्ट्र बस… […]