उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार तड़के एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। यह हादसा शहर के घनी आबादी वाले पटकापुर इलाके के रामनारायण बाजार में सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। उस समय इमारत में रहने वाले लोग गहरी नींद में सो रहे थे। आग ने देखते ही देखते पार्किंग से ऊपरी मंजिलों तक अपना दायरा बढ़ा लिया। धुएं और आग की लपटों ने पूरी इमारत को घेर लिया, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
Also Read : बिहार: मधेपुरा में पत्नी ने पति की करंट लगाकर की हत्या, घरेलू हिंसा से थी परेशान
बालकनी से कूदकर लोगों ने बचाई जान, दो की मौत
आग से बचने के लिए लोगों ने बालकनी से छलांग लगाई और साड़ी व चादरों को बांधकर नीचे उतरने की कोशिश की। कुछ लोगों ने पड़ोसी इमारतों की मदद से बाहर निकलने का रास्ता बनाया। जानकारी के मुताबिक, इमारत में करीब 12 परिवारों के 50 से 60 लोग रहते थे। इस हादसे में राखी साहू (48) और 15 वर्षीय प्रांजुल बाथम की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई लोग घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने दमकल की सीढ़ी की मदद से करीब छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने भी पड़ोसी मकानों से पटरे लगाकर फंसे परिवारों की मदद की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
Also Read : फतेहपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने मॉर्निंग वॉक कर रहे 3 दोस्तों को कुचला, मौत
दमकल की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई आग
इमारत की तीसरी मंजिल पर रहने वाले महेश तिवारी ने बताया कि सुबह अचानक शोर सुनकर उन्होंने दरवाजा खोला तो बाहर धुआं और आग दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों के साथ बाहर निकलने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि इमारत का निकास मार्ग काफी संकरा था, जिससे लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। महेश ने भवन में पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम नहीं होने का आरोप भी लगाया। आग की चपेट में आने से पार्किंग में खड़ी कई बाइक और स्कूटी पूरी तरह जल गईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पांच मंजिला इमारत करीब दो साल पहले बनी थी और इसके आसपास की गली केवल पांच से छह फीट चौड़ी है। संकरी सड़क के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। लोगों ने इमारत के निर्माण मानकों और अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस के मुताबिक, आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Also Read : बिहार: मधेपुरा में पत्नी ने पति की करंट लगाकर की हत्या, घरेलू हिंसा से थी परेशान

