पंजाब के पटियाला में किराए का घर देखने पहुंचे दंपति पर पिटबुल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। अंकित सभरवाल और उनकी पत्नी शिफाली मंगलवार शाम प्रॉपर्टी डीलर के बुलावे पर घुम्मन नगर पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने घर का गेट खोला, पिटबुल ने दोनों पर हमला कर दिया। कुत्ते ने पहले शिफाली के पैर को दबोचा और उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। पत्नी को बचाने पहुंचे अंकित की पीठ पर भी कुत्ते ने कई बार हमला किया।
Also Read : एआर रहमान के बेटे अमीन की कार दुर्घटनाग्रस्त, चेन्नई में कैब से हुई टक्कर
अंकित ने सुनाई हमले की खौफनाक कहानी
हमले के बाद अंकित के शरीर पर कई टांके लगाए गए हैं। वहीं, उनकी पत्नी के हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं और उन्हें सर्जरी से गुजरना पड़ा। अंकित ने बताया कि हमले के दौरान मालिक और आसपास मौजूद लोगों ने कुत्ते को रोकने की कोशिश की। इसके बावजूद पिटबुल काफी देर तक दंपति पर हमला करता रहा। अंकित ने कहा कि अगर स्थानीय लोग डंडे लेकर मौके पर नहीं पहुंचते, तो स्थिति और ज्यादा भयावह हो सकती थी।
अंकित ने घटना के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह और उनकी पत्नी सिर्फ किराए का घर देखने गए थे, लेकिन वहां उनकी जान पर बन आई। अंकित के मुताबिक, हमले में उनकी पत्नी को गंभीर चोटें आईं और सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उन्हें निगरानी में रखा। उन्होंने कहा कि परिवार इस घटना से बेहद परेशान है। अंकित ने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
CCTV में कैद हुआ पिटबुल अटैक
इस घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। वीडियो में कुछ लोग घर के बाहर खड़े दिखाई देते हैं, तभी पिटबुल अचानक बाहर निकलकर हमला कर देता है। कुत्ता महिला को जमीन पर गिराकर उसे बुरी तरह काटता रहता है। एक महिला डंडा लेकर कुत्ते को रोकने की कोशिश करती है। इसके बाद कुछ स्थानीय लोग भी डंडों के साथ पहुंचते हैं और दंपति को बचाने का प्रयास करते हैं।
बताया जा रहा है कि करीब 75 सेकेंड तक चले हमले में पिटबुल ने दंपति को कुल 26 बार काटा। महिला को 14 और उसके पति को 12 बार काटने की बात सामने आई है। काफी कोशिशों के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को कुत्ते के हमले से बचाया। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में लोगों के बीच डर का माहौल बन गया। इस घटना ने एक बार फिर खतरनाक नस्ल के कुत्तों की सुरक्षा और जिम्मेदाराना पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read : एआर रहमान के बेटे अमीन की कार दुर्घटनाग्रस्त, चेन्नई में कैब से हुई टक्कर

