ऋषभ पंत का एक वीडियो लखनऊ सुपर जायंट्स की हार के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बुधवार रात दिल्ली कैपिटल्स के हाथों लखनऊ सुपर जायंट्स की 6 विकेट से हार के बाद इस वीडियो ने सबका ध्यान खींचा। वीडियो में ऋषभ पंत, कोच जस्टिन लैंगर और एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
मैच के बाद संजीव गोयनका ने एक्स पर एक तस्वीर साझा की और टीम पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि सीज़न अभी लंबा है और ऐसे पल किसी भी टीम की यात्रा का हिस्सा होते हैं। उन्होंने कप्तान और टीम की वापसी पर विश्वास जताते हुए फैंस को समर्थन के लिए धन्यवाद भी कहा।
इस बीच, सोशल मीडिया यूज़र्स इस वीडियो पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोग इसे केएल राहुल विवाद का पार्ट-2 बताकर चर्चा को और हवा दे रहे हैं।
ऋषभ पंत को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया दी। क्रिकेट सेंट्रल नाम के एक एक्स हैंडल ने लिखा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन किसी खिलाड़ी को सार्वजनिक तौर पर अपमानित नहीं करना चाहिए। पोस्ट में कहा गया कि ऋषभ पंत और केएल राहुल जैसे कप्तानों को कैमरे के सामने समझाना खेल के प्रति जुनून से ज़्यादा खुद को बॉस साबित करने जैसा लगता है।
कई यूज़र्स ने इस पूरे घटनाक्रम को केएल राहुल विवाद की याद से जोड़ दिया। कुछ लोगों ने ‘केएल राहुल फ्लैशबैक्स, सेम स्क्रिप्ट न्यू कैप्टन’ जैसे कमेंट्स किए। कई लोगों ने यह भी कहा कि ऐसी बातचीत ड्रेसिंग रूम तक ही सीमित रहनी चाहिए, कैमरों के सामने नहीं।
हालांकि, सोशल मीडिया पर संजीव गोयनका के समर्थन में भी कई आवाज़ें उठीं। कुछ फैंस ने कहा कि कम से कम टीम के मालिक को टीम की चिंता तो है। वहीं, कुछ यूज़र्स ने यह भी लिखा कि संजीव गोयनका की बॉडी लैंग्वेज को जरूरत से ज्यादा तूल दिया जा रहा है। एक यूज़र ने इसे अपमान नहीं, बल्कि जवाबदेही तय करने की कोशिश बताया।
Also read:https://centraltimes.in/business/gold-silver-price-hike-april-1-2026/


[…] […]