मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश ने रविवार को बड़ा कहर बरपाया। अलग-अलग हादसों में आठ लोगों की मौत हो गई। मानखुर्द में तीन मंजिला चॉल का हिस्सा ढहने से छह लोगों की जान चली गई। वहीं, कुर्ला में पेड़ गिरने और नवी मुंबई में ग्रिल गिरने से दो अन्य लोगों की मौत हुई। खराब मौसम के कारण हवाई सेवाएं भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। मानखुर्द के मंडाला इलाके में रविवार रात भारी बारिश के दौरान तीन मंजिला चॉल का हिस्सा भरभराकर गिर गया। इस हादसे में छह लोगों की मौत हुई और एक व्यक्ति घायल हो गया। एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां लगातार राहत और बचाव कार्य चला रही हैं। मलबे में एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका बनी हुई है।
Also Read : तकनीकी खराबी के कारण मुंबई मेट्रो की रफ्तार थमी, बारिश में यात्री हुए परेशान
मानखुर्द में चॉल हादसे में छह लोगों की जान गई, जबकि पेड़ और ग्रिल गिरने की घटनाओं ने भी ली दो जानें। भारी बारिश से उड़ानें प्रभावित रहीं और कई इलाकों में जलभराव हुआ।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। हादसा रात करीब 8:30 बजे जनता नगर स्थित चॉल नंबर-5 में हुआ। लगातार बारिश के कारण इमारत कमजोर हो गई थी। प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया है। नवी मुंबई में रविवार शाम एक इमारत की ग्रिल फुटपाथ पर गिर गई। उसकी चपेट में आए एक युवक की मौके पर मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इमारत के स्ट्रक्चरल ऑडिट का नोटिस पहले ही जारी किया गया था। हालांकि, भवन मालिक ने उस पर कोई कार्रवाई नहीं की। कुर्ला पश्चिम में भारी बारिश के दौरान एक पेड़ दुकान पर गिर गया। इस हादसे में 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई। इससे पहले भी मुंबई में पेड़ गिरने की दो बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही है।
रविवार सुबह से रात तक दक्षिण मुंबई, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में तेज बारिश दर्ज की गई। खराब मौसम के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन करीब एक घंटे के लिए रोकना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव भी हुआ। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है। मुंबई में जारी भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ समय तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
Also Read : जोधपुर में पीएम मोदी का बड़ा बयान, बोले- भारत सबसे बड़े ऊर्जा संकट से उबर चुका है


[…] […]